
RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड )08 फरवरी।नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रथम मतदान पदाधिकारियों/पीठासीन पदाधिकारी का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम किरण पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया। सामान्य प्रेक्षक महोदय, (गिरिडीह नगर निगम), शब्बीर अहमद ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। प्रथम सत्र में पीठासीन पदाधिकारी/प्रथम मतदान पदाधिकारियों का द्वितीय सत्र में तृतीय, द्वितीय और चतुर्थ मतदान पदाधिकारियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण के दौरान डमी प्रपत्रों से सभी को प्रशिक्षित किया गया एवं मतपेटिका संचालन का डेमो के साथ हैंड्स ऑन भी कराया गया। प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिभागियों का ऑनलाइन आकलन भी आयोजित किया गया। जिसमें आधार पर आगामी प्रशिक्षणों की रूप रेखा तैयार की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामान्य प्रेक्षक ने मतदान प्रक्रिया में संलग्न सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मतदान पदाधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान मतपेटिका को खोलने एवं बंद करने की प्रक्रिया को विशेष रूप से स्पष्ट रूप से समझाने का निर्देश देते हुए कहा कि मतदान के प्रारंभ एवं समापन के समय निर्धारित प्रक्रियाओं का पूर्ण रूप से पालन किया जाना अनिवार्य है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान मतदान से पूर्व की तैयारियों, मतदान दिवस पर अपनाई जाने वाली प्रक्रिया, मतपेटिका की सीलिंग-अनसीलिंग, मतदान समाप्ति के उपरांत अभिलेखों के संधारण सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि सभी मतदान पदाधिकारी अपने दायित्वों को गंभीरता से समझें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारी से मार्गदर्शन प्राप्त करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप कार्य करना प्रत्येक मतदान पदाधिकारी का कर्तव्य है तथा प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारियों को भली-भांति आत्मसात करते हुए चुनाव कार्य में लागू किया जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों द्वारा मतदान प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
