
RKTV NEWS/बक्सर ( बिहार)06 फरवरी। गुरुवार को जिला पदाधिकारी बक्सर, साहिला की अध्यक्षता में जिले में प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के सफल एवं प्रभावी आयोजन हेतु समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा बैठक में यात्रा के उद्देश्यों, कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागीय समन्वय तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
समृद्धि यात्रा जैसे महत्वपूर्ण बैठक में कार्यपालक अभियंता बिहार पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अनुपस्थित रहने के उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिलें के महत्वपूर्ण बैठक में ससमय उपस्थित नहीं रहने के कारण जिला परियोजना प्रबंधक जीविका से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि समृद्धि यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाना, विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का आकलन करना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि यात्रा के दौरान योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी माध्यम से आम जनता तक पहुँचाई जाए।
समृद्धि यात्रा के दौरान विभिन्न पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जहाँ स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, आवास, रोजगार सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभुकों को लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही मौके पर ही शिकायतों के निवारण की व्यवस्था भी की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों से फीडबैक लेते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि समृद्धि यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से विकास की गति को और तेज किया जा सकता है।
