
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)10 जनवरी।आज राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, उत्तर प्रदेश की राज्य मिशन निदेशक दीपा रंजन (भा० प्र० से० ) ने भोजपुर जिले के कोइलवर प्रखंड में जीविका द्वारा चल रही विभिन्न गतिविधियों का भ्रमण किया | सबसे पहले उन्होंने जानकी जीविका संकुल स्तरीय संघ द्वारा कुल्हडिया में विद्यार्थियों के लिए चलायी जा रही सामुदायिक पुस्तकालय सह करियर विकास केंद्र का भ्रमण किया एवं उसमें पढने वाले युवाओं से पुस्तकालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बात की।मिशन निदेशक ने बताया की ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीविका द्वारा सामुदायिक पुस्तकालय सह कैरियर विकास केंद्र की स्थापना की पहल काफी सराहनीय है और यह जीविका दीदियों के बच्चों के सपनो को नई उडान दे रहा है।
इसके बाद उन्होंने बिहार राज्य मानसिक आरोग्य एवं सहबद्ध संस्थान परिसर में जानकी जीविका महिला स्टिचिंग प्रोडूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित सिलाई घर का भ्रमण किया ।यहाँ उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा आंगनवाडी केंद्र के छात्र-छात्राओं के लिए तैयार किये जा रहे स्कूल ड्रेस का अवलोकन किया एवं इस गतिविधि से जीविका दीदियों को हो रहे आर्थिक लाभ के बारे में विस्तार से जाना।दीदियों ने उन्हें बताया की इस सेंटर हेतु 350 दीदियों को प्रशिक्षित किया गया है जिसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
इसके बाद उन्होंने इसी अस्पताल परिसर में शक्ति जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ द्वारा संचालित शक्ति दीदी की रसोई का भ्रमण किया। इस अस्पताल में दीदी की रसोई द्वारा प्रतिदिन लगभग 150-180 भर्ती मरीजों को सुबह का नाश्ता एवं तीन वक़्त का खाना नियमित रूप से दिया जाता है ।इसके अलावा यहाँ की कैंटीन में अस्पताल के कर्मी एवं मरीजो के परिजन के लिए भी नास्ता-खाने की व्यवस्था है।शक्ति दीदी की रसोई की कार्यप्रणाली की राज्य मिशन निदेशक ने काफी सराहना की।
इसके बाद उन्होंने इसी परिसर में जानकी जीविका महिला स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, चांदी, कोइलवर द्वारा संचालित जानकी कायाकल्प हाउसकीपिंग एवं लौंड्री द्वारा इस अस्पताल एवं इसके परिसर की साफ़-सफाई के क्रिया-कलाप को विस्तार से जाना। इस संस्थान द्वारा अस्पताल के कुल 12349 वर्गफीट के परिसर एवं 143 शौचालयों की सफाई प्रतिदिन तीन बार नियमित रूप से किया जाता है।
इसके बाद उन्होंने पचैना बाज़ार में सतत जीविकोपार्जन योजना की लाभार्थी रीता देवी व ललिता देवी के घर जाकर उनके क्रियाकलाप को विस्तार से जाना।इसके बाद राजापुर, कोइलवर में कृष्णा जीविका ग्राम संगठन द्वारा संचालित किरण देवी के ग्राहक सेवा केंद्र का भ्रमण किया एवं इस केंद्र से ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जाना।
भ्रमण के अंत में राज्य मिशन निदेशक ने कोइलवर प्रखंड के जमालपुर में शक्ति संकुल स्तरीय संघ का भ्रमण किया जहाँ महिलाओं ने उस संकुल स्तरीय संघ द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया।इसी केंद्र पर उन्होंने चल रही जिला स्तरीय विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जाना।
इस भ्रमण के दौरान राज्य परियोजना प्रबंधक विश्वविजय कुमार एवं जिला परियोजना प्रबंधक वरुण कुमार तथा जिला एवं प्रखंड स्तरीय जीविका कर्मी मौजूद थे।
