
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)07 जनवरी। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिले में धान अधिप्राप्ति की प्रगति की समीक्षा को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने अब तक जिले में हुए धान क्रय, पैक्सों में जमा धान की स्थिति एवं राइस मिलों द्वारा धान उठाव की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी से धान क्रय की अद्यतन रिपोर्ट ली तथा राइस मिलों द्वारा धान उठाव में आ रही बाधाओं पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पैक्सों में आए धान का उठाव शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में किसानों को असुविधा न हो।
उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को अधिक से अधिक किसानों को टैग करने का निर्देश दिया, जिससे वे लैंप्स के माध्यम से धान बिक्री कर सकें। साथ ही धान अधिप्राप्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पैक्सों में शत-प्रतिशत धान उठाव सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों के पैक्सों का नियमित भ्रमण करने एवं धान उठाव की प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में उपायुक्त ने राशन वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की और पहाड़िया समुदाय को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत उपायुक्त द्वारा उज्ज्वला योजना की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि योग्य लाभुकों को योजना से जोड़ने हेतु पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित कर जानकारी दी जाए तथा लाभुकों से आवेदन फॉर्म भरवाए जाएं।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
