RK TV News
खबरें
Breaking News

वैशाली:जनसेवाओं में लापरवाही, अनियमितता एवं भ्रष्ट आचरण किसी भी स्तिथि में नहीं किया जायेगा बर्दाश्त : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी शिक्षक की भूमिका में आई नजर,जमीन पर बैठ बच्चों संग किया माध्यह्न भोजन।

जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह द्वारा महनार प्रखंड में व्यापक औचक निरीक्षण।

RKTV NEWS/हाजीपुर (वैशाली)15 दिसंबर।जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह द्वारा महनार प्रखंड अंतर्गत पंचायत महिन्दवारा एवं सरमस्तपुर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों, विद्यालयों तथा खाद-बीज प्रतिष्ठानों का विशेष औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, सेवा की गुणवत्ता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करना था।
जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण की शुरुआत अहले सुबह आंगनवाड़ी केंद्र खुलते ही महिन्दवारा पंचायत के वार्ड संख्या-03 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-01 से की गई। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी का वाहन देखते ही आंगनवाड़ी सेविका रेणु कुमारी एवं सहायिका भोलिया देवी दौड़ते हुए केंद्र पर पहुँची। व्यापक निरीक्षण में यह पाया गया कि किसी भी रजिस्टर का समुचित संधारण नहीं किया गया था तथा बच्चों को बिना साफ-सफाई के रखा गया था। इस गंभीर लापरवाही पर जिला पदाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई।
बच्चों के लिए तैयार किए गए भोजन की गुणवत्ता की जाँच में भोजन पूरी तरह जला हुआ पाया गया, जिस पर आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिका को कड़ी फटकार लगाई गई। केंद्र की साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई तथा सड़े हुए आलू मिलने पर जिला पदाधिकारी द्वारा तीव्र असंतोष व्यक्त किया गया।
निरीक्षण के क्रम में पोषण ट्रैकर की भी समीक्षा की गई। पोषण ट्रैकर पर कार्य सही ढंग से नहीं किए जाने को लेकर आंगनवाड़ी सेविका को सख्त चेतावनी दी गई तथा इसे नियमित एवं सही तरीके से अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा महिन्दवारा पंचायत के पीडीएस डीलर रितु राज शरण की दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में रखे अनाज की मापी कराई गई तथा भंडारण की स्थिति का जायजा लिया गया। अनाज को बेतरतीब ढंग से रखने पर डीलर को कड़ी फटकार लगाई गई। साथ ही ई-केवाईसी की स्थिति की समीक्षा करते हुए उसे अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद जिला पदाधिकारी द्वारा प्राथमिक विद्यालय सिमराचक फातिमा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षिका संजू कुमारी एवं सविता कुमारी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाई गईं, वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरेश कुमार भी अनुपस्थित थे। विद्यालय की उपस्थिति पंजी की जाँच में यह पाया गया कि दिनांक 13.12.2025 एवं 15.12.2025 की छात्र उपस्थिति दर्ज नहीं की गई थी। इस गंभीर लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना को दूरभाष पर संपर्क कर अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा प्राथमिक विद्यालय के समीप वार्ड संख्या 9 अवस्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 16 का भी निरीक्षण किया गया | निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि केंद्र पर साफ सफाई का अभाव है तथा वहां गंदगी पाई गई।सेविका एवं सहायिका अपने निर्धारित पोशाक में भी नहीं थी तथा कोई भी रजिस्टर केंद्र पर संधारित नहीं पाया गया।निरीक्षण के क्रम में यह भी देखा गया कि पोषाहार घर से बनाकर लाया गया है जिस पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई एवं फटकार लगाई गई |
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह शिक्षक की भूमिका में भी नजर आईं। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली तथा स्वयं उन्हें पढ़ाया। इस अवसर पर बच्चे अत्यंत उत्साहित दिखे। तत्पश्चात जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की विस्तृत रूप से जाँच की। बच्चों के साथ उनके जमीन पर बैठकर उन्होंने स्वयं भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता, स्वाद, स्वच्छता एवं पौष्टिकता का आकलन किया।
निरीक्षण क्रम में सोनू खाद-बीज भंडार बंद पाया गया। जिला पदाधिकारी ने मौके पर रुककर दुकानदार को बुलवाया, दुकान खुलवाकर निरीक्षण किया तथा किसानों को ससमय एवं निर्धारित मूल्य पर खाद-बीज उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एक ऑटो चालक द्वारा शिकायत की गई कि जंदाहा झम्मनगंज पुल पर बिना रसीद अवैध वसूली की जाती है। इस पर जिला पदाधिकारी ने तत्काल वरीय उप समाहर्ता वैशाली चंदन कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी महनार को संयुक्त रूप से टोटो से जाकर जाँच करने का निर्देश दिया। जाँच में शिकायत सही पाए जाने पर स्थानीय जंदाहा थाना को सूचित किया गया तथा थाना अध्यक्ष जंदाहा एवं नगर पंचायत जंदाहा के कार्यपालक पदाधिकारी को कागजातों की जाँच कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसेवाओं में लापरवाही, अनियमितता एवं भ्रष्ट आचरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related posts

मध्यप्रदेश:मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दुबई में शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम से भेंट,मध्यप्रदेश बनेगा एविएशन और लॉजिस्टिक हब।

rktvnews

बिहार:देश के 112 जिलों में मुजफ्फरपुर जिला बना नंबर वन।

rktvnews

भोजपुर: विश्व पर्यावरण दिवस पर बड़हरा कृषि भवन परिसर में किया गया वृक्षारोपण।

rktvnews

भोजपुर:5 बिहार बटालियन एनसीसी कैडेट्स आरा द्वारा हुई छठ घाट की सफाई।

rktvnews

गाजीपुर:जामवंत से हनुमान जी के पदचिन्हों पर चलकर ही मानव समाज की भलाई संभव है:सूर्यकुमार सिंह

rktvnews

श्री नितिन गडकरी ने गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्‍सप्रेसवे पर 100 घंटे में 100 लेन किलोमीटर में बिटुमिनस कंकरीट बिछाने के लिए टीम को बधाई दी

rktvnews

Leave a Comment