
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)05 दिसंबर।आगामी धान अधिप्राप्ति सत्र को सफल और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने गुरुवार को दुमका लैम्प्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने गोदाम परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरिक्षण करते हुए साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था, तौल उपकरणों की स्थिति तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गोदाम परिसर की साफ-सफाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए ताकि धान अधिप्राप्ति के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि धान खरीद किसानों के हित से जुड़ी एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए इसकी तैयारी में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोदाम की सभी व्यवस्थाएँ समय से दुरुस्त कर ली जाएँ, सभी आवश्यक उपकरणों की कार्यशीलता की जाँच पूर्ण कर ली जाए, तथा भंडारण के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि धान खरीद केंद्र पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कतार प्रबंधन, सहायता व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएँ समय रहते सुनिश्चित कर ली जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिप्राप्ति प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित रखने के लिए सभी कर्मियों को दिशा-निर्देशों की पूर्ण जानकारी हो तथा किसानों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए।
