
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 04 जुलाई। भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करनामेपुर ओपी थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव के उत्तर भागङ के समीप एक बबूल के पेड़ पर ऑटो चालक का शव लटका हुआ मिला। मृतक के गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही करनामेपुर ओपी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को बबूल के पेड़ से उतरवा कर अपने कब्जे में लिया। मृतक की पहचान सोनबरसा गाॅव निवासी दशरथ यादव के पुत्र पिंटू यादव उर्फ छोटक यादव (24 वर्ष) के रूप में की गई। पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण हेतू भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक पिंटू यादव उर्फ छोटक यादव सोनबरसा निवासी दशरथ यादव के दो पुत्र एवं दो पुत्रियों में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था और दूसरे का टेंपो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। उसका बड़ा भाई मानसिक रूप से असंतुलित था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सभी का रोते-रोते बुरा हाल है।


