RK TV News
खबरें
Breaking News

पटना:का. विशेश्वर प्रसाद यादव की श्रद्धांजलि सभा।

बिहार में कानून नहीं अब बुलडोजर का राज दिखेगा: दीपंकर भट्टाचार्य

मोदी की गंगा सत्ता की गंगा है, लोगों की आस्था की गंगा नहीं।

श्रम कोड भी अडानी के लिए, हिडमा की हत्या भी अडानी के लिए।

महिलाओं को झांसा देकर वोट लिया गया, हमारी लड़ाई जारी है।

RKTV NEWS/पटना(बिहार)23 नवंबर।भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता व किसान आंदोलन के प्रमुख हस्ताक्षर का. विशेश्वर प्रसाद यादव की हाजीपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में माले महासचिव का. दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि हम एक खतरनाक दौर में प्रवेश कर रहे हैं. एक झटके में 70 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए, जिनमें 40 लाख नाम बिल्कुल गलत तरीके से हटाए गए. साथ ही 20-25 लाख नए नाम जोड़ दिए गए. इससे हर बूथ का संतुलन बदल गया है – और यह सब चुनाव के ठीक पहले हुआ है.
अगर चुनाव से पहले 30 हजार करोड़ रुपये किसी भी सरकार द्वारा अलग-अलग नाम पर लोगों के बीच बांट दिए जाएँ, जबकि 4 साल तक किसी की बात नहीं सुनी जा रही थी, और ठीक चुनाव से पहले यह सब हो जाए – तो इसका क्या परिणाम होगा, यह सबके सामने है. बिहार चुनाव में खुलेआम नियम-कानून की धज्जियां उड़ाई गईं. पूरा चुनावी तंत्र मजाक बनकर रह गया.
इस बार की सरकार पिछली सरकार नहीं है. नीतीश कुमार केवल मुख्यमंत्री हैं, गृहमंत्री नहीं. उनसे गृह मंत्रालय छीनकर सम्राट चैधरी को दे दिया गया है. उनके सामने उत्तरप्रदेश का मॉडल है – बुलडोजर राज. अब कानून नहीं, बुलडोजर का राज दिखेगा. यूपी में माफिया राज खत्म करने के नाम पर सवर्ण सामंती ताकतों पर कोई कार्रवाई नहीं होती, वे सत्ता-सरंक्षित हैं, लेकिन दलित-पिछड़े-अल्पसंख्यक समुदाय पर बुलडोजर लगातार चल रहे हैं. बिहार में भी यही होने वाला है।
चुनाव के दौर में ही दुलारचंद्र यादव की हत्या होती है. एक उपमुख्यमंत्री कहते हैं कि छाती पर बुलडोजर चला देंगे, गरीबों को घर से निकलने नहीं देंगे. कुछ लोग तय कर चुके हैं कि बिहार को 90 के दशक से पहले के दौर में वापस ले जाना है. तो, हमें उसी दृढ़ता से ऐसी ताकतों के खिलाफ कदम-कदम पर लड़ते रहना होगा.
चुनाव के दौरान बातें हुईं – इंडस्ट्रियल फैक्टरी लगेगी, 10 हजार नहीं 2 लाख रुपये मिलेंगे, बाढ़ का समाधान हो जाएगा, चीनी मिलें खोल दी जाएंगी. इनसे हिसाब-किताब लेने का समय आ गया है.
जैसे ही बिहार का चुनाव जीत लिया, मोदी जी ने कहा कि गंगा बिहार से बंगाल की ओर बढ़ेगी. मोदी की गंगा सत्ता की गंगा है, लोगों की आस्था की गंगा नहीं. इसे लेकर वे बंगाल जाएंगे. चार श्रम कोड देश पर थोप दिए गए. 26 नवंबर संविधान दिवस है और 2020 में इसी दिन ऐतिहासिक किसान आंदोलन शुरू हुआ था. तब, पूरे देश के मजदूर दो दिन हड़ताल पर थे. उसी संघर्ष का परिणाम था कि वे कानून वापस लेने पड़े.
बिहार चुनाव के नतीजे आते ही चारों श्रम कोड लागू कर दिए गए – जिसमें 8 घंटे का काम 12 घंटे का कर दिया गया. हड़ताल करना लगभग असंभव बना दिया गया. काम की कोई सुरक्षा नहीं है, लेकिन कहा जा रहा है कि ये श्रम कोड काम की सुरक्षा के लिए हैं. बेसिक पे 50 प्रतिशत कर दिया गया. 26 नवंबर को इसके खिलाफ व्यापक आंदोलन का आह्वान किया गया है. इसे सफल बनाएं.
18 नवंबर को खबर आई कि माओवादी नेता हिडमा की हत्या कर दी गई. माओवादियों की लगातार हत्याएं हो रही हैं. बहुत सारे नेता सरेंडर कर रहे हैं. लेकिन हिडमा-जो छत्तीसगढ़ के आदिवासी मूल से आकर जल-जंगल-जमीन की हिफाजत के लिए अडानी की लूट के खिलाफ लड़ रहे थे-उन्हें मारने से पहले उनके घर जाकर उनकी बूढ़ी मां से बयान दिलवाया गया. मां ने अपील की कि बेटा घर लौट आए. लेकिन उसे घर लौटने नहीं दिया गया – उसकी हत्या कर दी गई. पूरा बस्तर रो रहा है. यह सब क्या है? श्रम कोड भी अडानी के लिए, हिडमा की हत्या भी अडानी के लिए.
गैर-भाजपा राज्यों में क्या हो रहा है? तमिलनाडु में कोई भी बिल पास हो जाए, गवर्नर हस्ताक्षर नहीं करते. सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि गर्वनर कुंडली मारकर नहीं बैठ सकते. या तो हस्ताक्षर करो या राष्ट्रपति को भेजो. अब 14 नवंबर के बाद सुप्रीम कोर्ट भी कह रहा है कि गवर्नर स्वतंत्र है.
आज देश के संघीय ढांचा व लोकतंत्र खतरे में है. मजदूरों-किसानों के अधिकार, महिलाओं की आजादी खतरे में है. हम लोग लड़ते हुए इसका मुकाबला कर रहे हैं. यह निश्चित है कि यदि अंग्रेजों को भगाना संभव था – जब दुनिया भर में उनकी तूती बोलती थी – तो आज की इस तानाशाही को रोकना भी संभव है.
चुनाव में जो भी हुआ – वह अपनी जगह है. उसे समझेंगे. वोटचारी-सीनाजोरी के खिलाफ लड़ेंगे. चुनाव में महिलाओं का गलत इस्तेमाल किया गया. उन्हें झांसा देकर वोट लिया गया. फिर से सामाजिक उत्पीड़न बढ़ रहा है. बुलडोजर राज उभर रहा है. इसे भी रोकेंगे. अडानी की लूट को भी रोकेंगे. हमारे हर कदम में विशेश्वर प्रसाद यादव जिंदा रहेंगे.
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ किसान नेता केडी यादव, ऐपवा की महासचिव मीना तिवारी, किसान महासभा के राज्य सचिव उमेश सिंह सहित राज्य व जिला के कई नेता शामिल हुए. विदित हो कि चुनाव के दौरान सुपौल में काम करते हुए का. विशेश्वर प्रसाद यादव की अचानक मौत हो गई थी. वे मूलतः वैशाली के रहने वाले थे, जबकि चुनाव में सुपौल का काम देख रहे थे.

Related posts

जल दिवाली – “महिलाओं के लिए पानी, पानी के लिए महिलाएं अभियान” शुरू किया गया।

rktvnews

भोपाल:प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक विरासत को सहेजने के भाव से मनाएं आगामी त्यौहार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

rktvnews

दैनिक पञ्चांग : 01 जनवरी 2025

rktvnews

आगामी विधानसभा सत्र एवं चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर कांग्रेस विधायक दल की हुई बैठक।

rktvnews

जगत पुकारे !

rktvnews

कोलकाता स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट में 1870 के बाद से वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान अब तक का सबसे अधिक माल चढ़ाने-उतारने (कार्गो हैंडलिंग) का कीर्तिमान।

rktvnews

Leave a Comment