
आरा/भोजपुर ( दिनेश प्रसाद सिन्हा)20 नवंबर।प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन हस्तांतरण के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र आरा द्वारा एक कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन केंद्रीय कृषि मंत्रालय के निर्देशानुसार किया गया तथा स्थानीय स्तर पर संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन डॉ. शोभा रानी, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र, भोजपुर, आरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिले भर से आए कुल 305 किसानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 21वीं किस्त जारी किए जाने की ऐतिहासिक घोषणा को लाइव देखा।इस दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ, नियम, लाभ, और आगामी कृषि तकनीकों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। स्क्रीन के माध्यम से केंद्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें माननीय प्रधानमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
डॉ. शोभा रानी ने उपस्थित किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों, उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और रबी फसलों के आधुनिक प्रबंधन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को केंद्र द्वारा उपलब्ध तकनीकी सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इनके साथ केंद्र के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी सुप्रिया वर्मा, डॉ॰ अजय कुमार मौर्य, डॉ॰ सजदानंद सिंह, डॉ अनिल कुमार यादव, डॉ आलोक भारती एवं डॉ॰ विकास सिंह ने अपने अपने विषयों पर किसानों को तकनीकी जानकारी दी। साथ ही साथ किसानों द्वारा बताई गई समस्याओं का विस्तार से निवारण के तरीके बताये गये।
कार्यक्रम में आए किसानों ने आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे लाइव कार्यक्रमों से अद्यतन जानकारी प्राप्त होती है, जिससे उनके कृषि कार्यों में सुधार होता है।अंत में कृषि विज्ञान केंद्र, भोजपुर की टीम ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और किसानों के हित में निरंतर सहयोग तथा तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
