
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)23 अक्टूबर। बुधवार को जिलाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया द्वारा आगामी छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लेने हेतु नगर पंचायत जगदीशपुर के वार्ड संख्या 1 स्थित शिवजी पोखरा घाट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा बैरिकेडिंग की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियाँ समय पर पूरी कर ली जाएँ।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जलस्तर, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने को कहा। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी जगदीशपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगदीशपुर, विशेष कार्य पदाधिकारी भोजपुर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
