डीईओ ने आयोग के दिशानिर्देश का पालन करने तथा निष्पक्षता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने का दिया सख्त निर्देश।
RKTV NEWS/मुजफ्फरपुर(बिहार)10 अक्टूबर।बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए नामांकन प्रक्रिया आज पूर्वाह्न 11:00 बजे से शुरू हो जाएगी। नामांकन की प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुरूप सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन स्थलों का निर्धारण कर दिया गया है तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की दृष्टि से सभी स्तर पर पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को सुबह 9:00 बजे तक अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी व जिम्मेदारी से निर्वहन करने का सख्त निर्देश दिया है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए नामांकन अवधि में शांति एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को सुबह 9:00 बजे तक अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी व जिम्मेदारी से निर्वहन करने का सख्त निर्देश दिया है।
पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), मुजफ्फरपुर को नामांकन अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था मुजफ्फरपुर क्लब और खुदीराम बोस स्टेडियम में करने का निर्देश दिया गया है।
अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी मुजफ्फरपुर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर वन को नामांकन स्थल के आसपास व्यवस्था की सतत अनुश्रवण करने का दायित्व सौंपा गया है, ताकि किसी प्रकार की भीड़भाड़ या अव्यवस्था न हो।
समाहरणालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल मुजफ्फरपुर को निर्देश दिया गया है कि समाहरणालय परिसर के सभी मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों पर मजबूत ड्रॉप गेट तथा बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। सुरक्षा की दृष्टि से रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय से 100 मीटर की परिधि को स्पष्ट रूप से सीमांकित किया गया है ताकि इस क्षेत्र में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या वाहन की आवाजाही न हो। इस व्यवस्था के अनुश्रवण का कार्य अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर वन) करेंगे।
थाना स्तर पर गश्ती एवं निगरानी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नगर क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में निरंतर गश्ती व्यवस्था बनाए रखें, स्थिति पर सतत निगरानी रखें तथा किसी भी प्रकार की अशांति या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई करें।
नामांकन की पूरी अवधि में अपर समाहर्ता (राजस्व) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर वन) को शांति एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु वरीय प्रभार में रखा गया है।
विधानसभावार नामांकन स्थल और निर्वाची पदाधिकारी
जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन स्थल एवं निर्वाची पदाधिकारियों का निर्धारण निम्नवत किया गया है।
विधानसभा क्षेत्र निर्वाची पदाधिकारी नामांकन स्थल
88 गायघाट अनुमंडल पदाधिकारी, पूर्वी अपने कार्यालय कक्ष में
89 औराई जिला पंचायत राज पदाधिकारी जिला पंचायत राज कार्यालय, मुजफ्फरपुर
90 मीनापुर अपर समाहर्ता, विभागीय जांच जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कार्यालय, मुजफ्फरपुर
91 बोचहा जिला आपूर्ति पदाधिकारी जिला आपूर्ति कार्यालय कक्ष, मुजफ्फरपुर
92 सकरा भूमि सुधार उपसमाहर्ता, पूर्वी डीसीएलआर पूर्वी कार्यालय कक्ष
93 कुढ़नी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, पश्चिमी डीसीएलआर पश्चिमी न्यायालय प्रकोष्ठ
94 मुजफ्फरपुर नगर आयुक्त, नगर निगम आईसीसीसी भवन, स्मार्ट सिटी कार्यालय, सिटी पार्क
95 कांटी अपर समाहर्ता, आपदा अपर समाहर्ता आपदा कार्यालय, मुजफ्फरपुर
96 बरूराज उप विकास आयुक्त अपने कार्यालय कक्ष में
97 पारू अनुमंडल पदाधिकारी, पश्चिमी अपने कार्यालय कक्ष में
98 साहेबगंज जिला भू अर्जन पदाधिकारी अपने कार्यालय कक्ष में
प्रवेश एवं वाहन संबंधी दिशा-निर्देश
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय से 100 मीटर की परिधि के भीतर किसी अभ्यर्थी के साथ आने वाले वाहनों की अधिकतम संख्या तीन तक सीमित रखी गई है।
साथ ही नामांकन के समय कार्यालय कक्ष में अभ्यर्थी सहित अधिकतम पाँच व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा “नामांकन प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था का प्रथम चरण है। हमारी प्राथमिकता है कि हर कार्य पारदर्शिता, शांति और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो। सभी अधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से पालन करें ताकि मुजफ्फरपुर जिला आदर्श निर्वाचन जिला के रूप में अपनी पहचान बनाये रखे।”
इस प्रकार, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नामांकन प्रक्रिया को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। सुरक्षा, यातायात, विधि व्यवस्था एवं सुविधा के सभी आयामों पर प्रशासनिक सक्रियता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी माहौल में संपन्न हो।

