डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी ने दिलाई जीविका दीदियों को मतदाता शपथ।
RKTV NEWS/दरभंगा(बिहार)09 अक्टूबर।आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार के निर्देशानुसार दरभंगा जिले में जीविका द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान पूरे उत्साह के साथ चलाया जा रहा है।
इस अभियान का नेतृत्व डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी कर रही हैं। जिले के सभी प्रखंडों में जीविका दीदियाँ घर-घर जाकर नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक कर रही हैं,ताकि अधिकतम मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
इसी क्रम में बुधवार को बहादुरपुर प्रखंड के एकता संकुल संघ में डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी ने भाग लेकर जीविका दीदियों का मनोबल बढ़ाया।
उन्होंने जागरूकता रैली में शामिल होकर महिलाओं को “पहले करें मतदान, फिर करें जलपान” जैसे नारों के माध्यम से प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर मतदाता जागरूकता के संदेश दिए।
डॉ.गार्गी ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि हर मतदाता की एक-एक वोट लोकतंत्र की दिशा तय करती है। इसलिए सभी नागरिकों को मतदान दिवस पर जिम्मेदारी के साथ मतदान अवश्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान डीपीएम ने जीविका दीदियों को मतदाता शपथ दिलाई,जिसमें उन्होंने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगी और दूसरों को भी प्रेरित करेंगी।
उन्होंने कहा कि “एक वोट राष्ट्र के भविष्य को दिशा देता है। हमारा एक छोटा कदम बड़ी परिवर्तन की शुरुआत कर सकता है।”
इस अवसर पर “मतदान है लोकतंत्र की जान – हर हाल में करें मतदान, छोड़ें सब काम,पहले करें मतदान और “सशक्त मतदाता – सशक्त लोकतंत्र” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
यह कार्यक्रम न केवल मतदाता जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की राजनीतिक चेतना और लोकतांत्रिक भागीदारी में वृद्धि का उदाहरण भी पेश किया।
जागरूकता कार्यक्रम में ब्रजकिशोर गुप्ता,मनोरमा मिश्रा, रवि कुमार, दिव्या कुमारी, सरोज कुमार, शिवशंकर कुमार, पल्लवी कुमारी सहित सैकड़ों जीविका दीदियों ने सक्रीय रूप से हिस्सा लिए।

