
आरा /भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)28 सितम्बर। शनिवार को उप विकास आयुक्त भोजपुर गुंजन सिंह की अध्यक्षता में स्वीप कोषांग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त ने कहा कि नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए मैदानी स्तर पर विशेष कार्यक्रम चलाए जाएँ, ताकि कोई भी युवा मतदाता जिले में छूट न पाए। उन्होंने विशेष रूप से छात्र-छात्राओं और महिलाओं को इस अभियान से जोड़ने पर बल दिया, जिससे जिले में महिला मतदाता अनुपात संतुलित किया जा सके। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि युवाओं को जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जाएँगी। इसके अंतर्गत कॉलेज परिसरों में “I am First Voter” स्टॉल लगाए जाएँगे, जिले के प्रमुख कोचिंग संचालकों से संवाद किया जाएगा, कॉलेज हॉस्टलों तथा अन्य छात्र-छात्राओं की भीड़ वाले स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएँगे। साथ ही, सभी कॉलेजों में कैंपस एम्बेसडर का चयन किया जाएगा। वर्तमान समय में दुर्गा पूजा को देखते हुए पूजा पंडालों में स्वीप जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत बैनर, पोस्टर और पंपलेट का वितरण किया जाएगा। प्रत्येक पंडाल में बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाएगी ताकि नए मतदाताओं को फॉर्म-6 उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त, पूजा के समय जिले के प्रमुख स्थलों पर विशेष आयोजन कर उन्हें नए मतदाताओं के आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा और उपहार भी वितरित किए जाएँगे।उप विकास आयुक्त ने पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने जीविका और आईसीडीएस के अधिकारियों को घर-घर जाकर छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने का कार्य करने को कहा। विशेष रूप से ऐसी महिलाओं पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही गई, जिनकी शादी हाल के वर्षों में भोजपुर जिले में हुई है और जो अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सकी हैं।
इस अवसर पर नोडल पदाधिकारी,स्वीप कोषांग, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी,जिला परियोजना पदाधिकारी (जिला गंगा समिति)एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
