पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 8 जनवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित “जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए 55 लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के लिए समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
“जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम मे सामान्य प्रशासन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, पिछङा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, वित्त विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, श्रम संसाधन विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित मामलों पर सुनवाई हुई।
कार्यक्रम में बांका जिले से आए छबीला यादव ने मुख्यमंत्री से कहा कि तिलका मांझी विश्वविद्यालय, भागलपुर के एस एम कॉलेज में इलेक्ट्रीशियन के पद से जून 2015 में सेवानिवृत्ति हुआ। लेकिन अब तक मुझे सेवांत लाभ एवं पेंशन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुजफ्फरपुर जिले से आई ममता कुमारी ने मुख्यमंत्री से कहा कि आंगनबाड़ी सेविका की बहाली में अनियमितता बरती गई है जिसके कारण मेरा नियोजन नहीं हो पा रहा है। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सहरसा जिले से आई मोनिका कुमारी ने मुख्यमंत्री से कहा कि ट्रेन दुर्घटना में मेरा दोनों पैर कट गया था। काफी खर्च के बाद मैं ठीक हो पाई हूँ। लेकिन कृत्रिम पैर लगवाने हेतू मेरे पास पैसा नहीं है। मुझे कृत्रिम पैर लगवाने हेतु मदद करने की कृपा की जाय। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गोपालगंज जिले से आये राहुल कुमार रंजन ने मुख्यमंत्री से कहा कि थावे प्रखंड अंतर्गत लक्ष्वार मंदिर में सार्वजनिक शौचालय, शुद्ध पेयजल आदि मूलभूत सुविधा मुहैया कराई जाय। मुख्यमंत्री ने कला, संस्कृति एवं युवा विभाग को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। गोपालगंज के ही मनोज कुमार तिवारी ने मुख्यमंत्री से मगध चीनी मिल प्रबंधक द्वारा मजदूरों को प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समस्तीपुर जिले से आई चंद्रमा कुमारी ने मुख्यमंत्री से कहा कि जमुई जिले में अवस्थित सिमुलत्तला आवासीय विद्यालय में शिक्षकों की कमी है। इससे पठन-पाठन ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पटना जिले से आये सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री से कहा कि मेरी माॅ राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बांकीपुर मे परिचारी के पद पर कार्यरत थीं। सेवा काल में उनकी मृत्यु हो गई लेकिन अब तक अनुकम्पा के आधार पर मिलने वाली नौकरी मुझे नहीं मिल पाई है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को समुचित कारवाई करने का निर्देश दिया।
“जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, कला,संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज, श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मो इसराइल मंसूरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं डॉ एस सिद्धार्थ, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) जे एस गंगवार, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह तथा वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा उपस्थित थे।

previous post
