RK TV News
खबरें
Breaking News

बागपत:मिशन शक्ति-5.0 का हुआ शुभारंभ, कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने देखा लाइव प्रसारण।

महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी एवं हेल्पलाइन नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर: जिलाधिकारी
मिशन शक्ति के तहत महिलाएं हो रही सशक्त, सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही उत्तर प्रदेश की महिला शक्ति
शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की राह पर अग्रसर हो रही नारी शक्ति।

“सशक्त नारी-समर्थ प्रदेश” थीम पर मिशन शक्ति-5.0 अभियान के तहत एक माह तक आयोजित होंगे जन-जागरूकता कार्यक्रम।

RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)20 सितंबर ।नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए शासन की प्रमुख पहल ‘मिशन शक्ति’ का पांचवां संस्करण (मिशन शक्ति-5.0) आज प्रदेशभर के 1,647 थानों में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के उद्घाटन के साथ प्रारंभ हुआ। लोकभवन लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मिशन शक्ति पंचम चरण अभियान का शुभारंभ किया गया जिसका लाइव प्रसारण बागपत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें माननीय विधायक छपरौली डॉ. अजय कुमार और जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल सहित जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ के लोकभवन से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति के परिणाम प्रदेश की महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्त नेतृत्व में दिखाई दे रहे हैं। मा0 मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हाल ही में पुलिस और शिक्षा विभाग में हुई भर्तियों में महिलाओं को विशेष अवसर प्रदान किए गए हैं।
मिशन शक्ति-5.0 के अंतर्गत हर थाने में महिला हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें महिला बीट की पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगी। इन मिशन शक्ति केंद्रों के संचालन संबंधी निर्देशिका की पुस्तिकाओं का भी विमोचन आज लखनऊ में किया गया। इसके साथ ही सभी महिला हेल्पलाइन सेवाओं का एकीकरण किया गया है। अब महिलाएं किसी भी समय 1090/181/112, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 102 गर्भवती महिला एवं शिशु हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस, और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर संपर्क कर संपूर्ण सहायता प्राप्त कर सकेंगी। स्वस्थ और सुरक्षित नारी से ही सशक्त परिवार और समाज का निर्माण होता है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं के संरक्षण और न्याय सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएंगे, जिससे महिलाओं को हर स्तर पर सुरक्षा और सशक्तिकरण मिलेगा।
वहीं प्रदेश सरकार द्वारा बेटी के जन्म से लेकर शिक्षा, विवाह और सामाजिक कल्याण तक महिलाओं के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों को जन्म, टीकाकरण, शिक्षा, उच्च शिक्षा और विवाह के महत्वपूर्ण पड़ाव पर आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे अब तक प्रदेश की 26 लाख से अधिक बेटियों को लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त, कन्या सामूहिक विवाह योजना के तहत एक लाख रुपये की धनराशि भी दी जा रही है।
साथ ही, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से महिलाओं के सम्मान और गरिमा को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्वच्छ भारत अभियान और उज्ज्वला योजना के तहत शौचालय निर्माण और गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने से महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सुनिश्चित हो रही है। इसके अलावा महिलाओं को भू अभिलेख वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से संपत्ति में अधिकार और आत्मनिर्भरता प्राप्त हो रही है। बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट सखी जैसी पहलों से महिलाओं को वित्तीय समावेश और विकास में भागीदारी का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मिशन शक्ति पंचम चरण का उद्देश्य “सशक्त नारी-समर्थ प्रदेश” है, जो पूरे एक माह तक मनाया जाएगा। इस दौरान जिले भर में महिलाओं के अधिकारों, योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महीनेभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को जनपद और राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
बागपत में कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के उपरांत विधायक छपरौली डॉ. अजय कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान में जन सहभागिता के साथ जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर महिलाओं को अभियान से जोड़ा जाए। वहीं जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी स्कूलों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायतों तक पहुँचाई जाए, ताकि महिलाएं और युवा बालिकाएं समय पर सहायता और जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने इस संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व पंकज वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरचंद वर्मा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

Related posts

मध्यप्रदेश:प्रमुख राजस्व आयुक्त एवं आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालयों के पुनर्गठन की स्वीकृति।

rktvnews

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST-K) के छठे दीक्षांत समारोह में भाग लिया।

rktvnews

कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष अशोक राम ने पदभार ग्रहण किया।

rktvnews

भोपाल:माता-पिता, गुरुजनों के योगदान के प्रति हमेशा रहें कृतज्ञ : राज्यपाल

rktvnews

उत्तर प्रदेश:मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा जयन्ती पर हस्तशिल्पियों, कारीगरों एवं अभियन्ताओं सहित सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

rktvnews

रामगढ़:प्रधान सचिव पेयजल एवं स्वच्छता विभाग झारखंड सरकार मस्त राम मीणा ने किया रामगढ़ जिले का दौरा।

rktvnews

Leave a Comment