
RKTV NEWS/देवघर (झारखंड)12 अगस्त।उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार आज उप विकास आयुक्त पियुष सिन्हा की अध्यक्षता में शिल्पग्राम ऑडिटोरियम के सभागार में पंचायत उन्नति सूचकांक को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने पंचायत उन्नति सूचकांक पुस्तक का विमोचन किया और कहा कि पंचायत के विकास से ही जिले एवं राज्य का विकास संभव है। यह सूचकांक पंचायतों के प्रदर्शन का आकलन कर सही दिशा में सुधारात्मक कदम उठाने का माध्यम है। उन्होंने मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। साथ ही पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य द्वारा किए जा रहे कर्यों का सही और अद्यतन डेटा उपलब्ध कराने और उसे नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज करने को कहा। आगे उन्होंने आगामी पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 की तैयारी में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
इसके अलावे उप विकास आयुक्त पियुष सिन्हा ने कहा कि पंचायत उन्नति सूचकांक विकास की दिशा तय करने का सशक्त साधन है। सरकारी आंकड़े और डेटा से ही यह संभव है कि किस क्षेत्र में अच्छा कार्य हो रहा है और कहां सुधार की आवश्यकता है। इस अवसर पर विभिन्न पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं मुखिया को सम्मानित किया गया, इनमें जिला पंचायती राज पदाधिकारी रणवीर कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी सारवां, प्रखंड विकास पदाधिकारी सारठ व प्रखंड विकास पदाधिकारी करौं के अलावा सारवां प्रखण्ड अन्तर्गत सारवां, करौं प्रखण्ड के बधनाडीह एवं सारठ प्रखण्ड के बाभनगामा पंचायत के मुखियाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही सांत्वना पुरस्कार के रूप में देवघर प्रखण्ड एवं सोनारायठाड़ी प्रखण्ड को पुरस्कृत किया गया। वहीं सात ग्राम पंचायतों (संग्रामलोढ़िया, लखोरिया, दोंदिया, खिजुरिया, मारगोमुण्डा, पिपरा एवं सधरिया) के मुखिया को सराहणीय कार्य हेतु सम्मानित किया गया।
एक दिवसीय कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से पंचायत उन्नति सूचकांक की अवधारणा, विभिन्न सूचकांक क्षेत्रों, आंकड़ों की प्रविष्टि एवं सत्यापन प्रक्रिया, जिले के प्रदर्शन, स्वस्थ एवं सुशासित पंचायत, बेस्ट परफॉर्मिंग पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इस अवसर पर अपने स्वागत संबोधन में जिला पंचायती राज पदाधिकारी रणवीर कुमार सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। आगे उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर किए जा रहे कार्यों को पोर्टल पर दर्ज करने पर बल दिया, जिससे राज्य स्तर पर उपलब्धियां दर्ज हो सकें। साथ ही उन्होंने पंचायत उन्नति सूचकांक के बारे में उपस्थित प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस दौरान उपरोक्त के अलावे अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सभी प्रखण्डों के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व सभी पंचायतों के मुखिया के अलावा संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।
