RK TV News
खबरें
Breaking Newsराष्ट्रीय

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के लिए वार्षिक क्षमता निर्माण योजना जारी की

RKTV NEWS/नई दिल्ली,17 मई।केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ भारती प्रवीण पवार, जो वर्चुअल रूप से बैठक में शामिल हुईं थीं, की उपस्थिति में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सिविल अधिकारियों व कर्मचारियों के क्षमता निर्माण के लिए वार्षिक क्षमता निर्माण योजना का शुभारंभ करते हुए कहा, “क्षमता निर्माण योजनाएँ, सक्षम कार्यबल द्वारा एक केंद्रित परिणाम के लिए ‘राजमार्ग’ के रूप में कार्य करती हैं; संगठन को एक ‘कार्य संस्कृति’ प्रदान करती हैं तथा साझा लक्ष्यों और दृष्टि के साथ टीम के रूप में काम करने के लिए व्यक्तियों के प्रयासों को सुव्यवस्थित करती हैं।“
प्रधानमंत्री ने विभिन्न सरकारी संगठनों का संचालन करने वाले सिविल सेवकों की क्षमताओं को बढ़ाने और तेज करने के लिए मिशन कर्मयोगी लॉन्च किया था। माननीय प्रधानमंत्री की इस प्रेरणा को याद करते तथा इसे दोहराते हुए डॉ मांडविया ने कहा, “भारत में क्षमता की कमी नहीं है, लेकिन वांछित परिणाम प्राप्त करने की दिशा में इसका उपयोग किये जाने की आवश्यकता है।“ सत्र को संबोधित करते हुए, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सभी हितधारकों के समर्पित प्रयासों की सराहना की और कहा, “सरकार की क्षमता निर्माण प्रणाली को पुनर्निर्मित और पुनर्जीवित करने की आवश्यकता थी और इस पहल को सिविल सेवा व्यवस्था को और मजबूत करने के मार्ग के रूप में देखा जा रहा है।“ क्षमता निर्माण के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि प्राथमिकता हमेशा इस बात की होनी चाहिए कि परिणाम की गुणवत्ता कैसे बढ़ाई जाए।
वार्षिक क्षमता निर्माण योजना (एसीबीपी) एक व्यापक रणनीतिक दस्तावेज है, जिसकी परिकल्पना व्यक्तियों और मंत्रालय/विभाग/संगठनों (एमडीओ) की क्षमता वृद्धि में सहायता प्रदान के लिए की गई है। क्षमता निर्माण आयोग द्वारा स्वास्थ्य मंत्रालय के मिशन कर्मयोगी सेल, विभाग के सभी प्रभागों के साथ घनिष्ठ समन्वय और परामर्श तथा स्वास्थ्य मंत्रालय के विस्तृत प्रशिक्षण आवश्यकता विश्लेषण (टीएनए) के बाद, यह योजना विकसित की गई है।
केंद्रीय मंत्री ने प्रशिक्षण संस्थानों का आह्वान किया कि वे अपनी सीख दूसरों को देने से पहले अपनी क्षमता निर्माण में सुधार करें। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि बढ़ी हुई क्षमता के साथ, व्यक्ति आत्मविश्वास हासिल करते हैं और बेहतर परिणाम प्राप्त करते हैं।
डॉ. भारती प्रविण पवार ने इस बात पर प्रकाश डाला कि जहां सभी सिविल सेवा कर्मी लोगों को महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान करने में कार्यरत हैं, वहीं अंतिम नागरिक तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव श्री राजेश भूषण ने मंत्रालय के लिए रोडमैप तैयार किया और प्रशिक्षण संस्थानों से योजना को लागू करने में नेतृत्व की भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि इस पहल का उद्देश्य मंत्रालय के विभिन्न विभागों की आवश्यकताओं के अनुसार अधिकारियों के कौशल और क्षमता निर्माण को बढ़ाना है। उन्होंने कहा, “योजना यह भी सुनिश्चित करेगी कि देश में प्रशिक्षण संस्थानों का विशाल नेटवर्क अलग-अलग काम न करें, बल्कि अधिकारियों को कौशल और प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए एक नेटवर्क के रूप में काम करें।“ उन्होंने यह भी कहा कि जब भी आवश्यकता होगी, जरूरी संशोधन किये जायेंगे।
क्षमता निर्माण आयोग के अध्यक्ष श्री आदिल जेनुलभाई ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री का विज़न क्षमता निर्माण के लिए सिविल अधिकारियों व कर्मचारियों पर ‘दबाव’ देना नहीं है, बल्कि इसे इतना दिलचस्प बनाना है कि यह लोगों को उनकी सर्वश्रेष्ठ क्षमता की ओर ‘आकर्षित’ कर सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षमता निर्माण योजना एक व्यावहारिक योजना है, जो काम की गुणवत्ता में सुधार करेगी और सिविल कर्मियों को जीवन भर सीखने की प्रक्रिया में मदद करेगी।

Related posts

भोजपुर: रघुपति यादव ने सीलिंग गिरने से गंभीर रूप से जख्मी बच्ची को गोद में उठा करवाया इलाज,बेहतर इलाज हेतु पटना रेफर।

rktvnews

भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास नोमैडिक एलीफेंट मेघालय में आरंभ।

rktvnews

गंगा की मिट्टी और जल से होती है मोक्ष की प्राप्ति : श्री जीयर स्वामी जी महाराज

rktvnews

भोजपुर:अच्छा हो या बुरा प्रत्येक कर्म का फल अवश्य मिलता है : मुनिश्री विशल्य सागर

rktvnews

भोजपुर: राधा शरण सिंह कप फुटबॉल लीग चैंपियनशिप:फाइनल में पहुंची बेरथ की टीम।

rktvnews

डीएमएफटी मद के लंबित सभी कार्य चार माह में हो पूर्ण:जिला कलक्टर रूक्मणि रियार

rktvnews

Leave a Comment