
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)25 जुलाई।जिले में पर्यटन को सुदृढ़ एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने हेतु उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला पर्यटन विकास समन्वय समिति (DTDC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास एवं उनकी ब्रांडिंग पर विशेष बल देते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी एवं उनके फोटो NIC पोर्टल पर अपलोड किए जाएं ताकि आमजन एवं पर्यटक डिजिटल रूप से जुड़ सकें।
पर्यटन को आधुनिक स्वरूप देने हेतु 2 AR/VR उपकरण क्रय करने का निर्णय लिया गया, जिनमें 360 डिग्री वीडियो के माध्यम से पर्यटन स्थलों का वर्चुअल अनुभव प्रदान किया जाएगा।
प्रमुख निर्देशों एवं निर्णयों में शामिल हैं
सरैयाहाट प्रखंड अंतर्गत चंपागढ़ दुर्गा मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में ग्रेडिंग कर विकसित किए जाने पर चर्चा।
हंसडीहा-दुमका मुख्य मार्ग पर, नोनीहाट के समीप बासुकीनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत हेतु आकर्षक तोरण (शिव द्वार) के निर्माण हेतु विशेष प्रमंडल के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
सृष्टि पार्क में लाइटिंग व्यवस्था, गज़ीबो, शौचालयों की मरम्मत और बूट हाउस भवन की मरम्मती कराने का निर्देश दिया गया।
पर्यटकों की सुविधा हेतु जिले के सभी पर्यटक स्थलों को सम्मिलित करते हुए दो दिवसीय “टूर प्लान” तैयार करने को कहा गया।
जिला टूरिज्म मैप तैयार कर प्रमुख स्थलों को रेखांकित किया जाए जिससे टूरिस्ट गाइडेंस सुनिश्चित हो सके।
मसानजोर डैम क्षेत्र में ट्रेकिंग, ज़िप लाइनिंग जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों को प्रारंभ करने हेतु डीपीआर तैयार कर सभी आवश्यक प्रक्रियाएँ शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश।
मसानजोर एवं तातलोई जैसे ग्रामीण पर्यटन स्थलों के समेकित विकास के लिए “विलेज टूरिज्म कमिटी” का गठन किया जाए जिसमें ग्राम प्रधान, वार्ड पार्षद व अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हों।
उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन न केवल सांस्कृतिक समृद्धि का द्योतक है, बल्कि स्थानीय आर्थिक विकास का माध्यम भी है। सभी विभाग समन्वय से कार्य करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस पहल करें।
