
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)11 जुलाई।समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को चतरा उपायुक्त श्रीमती कीर्तिश्री जी द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए, जिन्हें उपायुक्त ने गंभीरतापूर्वक सुना और आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से जुड़े आवेदन, राशन एवं राशन कार्ड से संबंधित समस्याएं, दिव्यांगजनों के लिए ट्राई-साइकिल की मांग, स्वास्थ्य सेवाओं की अनुपलब्धता एवं शिकायतें, शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याएं, प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित मामले, वृद्धा पेंशन से संबंधित अनुरोध, आपूर्ति विभाग से संबंधित शिकायतें समेत अन्य मामले शामिल है।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों का विस्तृत अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्राप्त समस्याओं का नियमसंगत, पारदर्शी और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो मामले ऑन द स्पॉट निपटाए नहीं जा सके हैं, उनकी विभागवार सूची बनाकर समयबद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि आमजनों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
उपायुक्त का संदेश
जनता दरबार के माध्यम से हमारा प्रयास है कि आमजन की समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष आएं और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। सभी विभागीय अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और हर समस्या का समाधान समयबद्ध ढंग से करें।
नियमित जनता दरबार का आयोजन
ज्ञात हो कि हर मंगलवार एवं शुक्रवार, पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक समाहरणालय परिसर में उपायुक्त द्वारा जनता दरबार का आयोजन कर आमजनों की समस्याएं सुनी जाती हैं और उनका समाधान किया जाता है।
