विश्व संगीत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कला साधकों ने प्रस्तुतियों से मन मोहा।
खैरागढ़/छत्तीसगढ़ (रवींद्र पांडेय) 24 जून। विश्व संगीत दिवस पर कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के संरक्षण एवं कुलसचिव डॉ. सौमित्र तिवारी के मार्गदर्शन में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में सांगीतिक संध्या का आयोजन किया गया। संगीत संकाय में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन एवं कलाकारों का सम्मान संगीत संकाय के अधिष्ठाता प्रो. नमन दत्त, सहायक प्राध्यापक डॉ. लिकेश्वर वर्मा, विवेक नवरे तथा डॉ. हरिओम हरि ने किया। संकाय के तीनों विभाग गायन, तंत्री वाद्य एवं अवनद्ध वाद्य विभाग के प्रतिभाशाली कला साधकों ने तीन उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं, जिसमें देवेंद्र वर्मा ने बांसुरी पर राग हंसध्वनि में त्रिताल में निबद्ध गत बजायी, इनके साथ तबले पर रामचंद्र सर्पे ने कुशल संगति की। द्वितीय प्रस्तुति में किशन दास महंत ने त्रिताल में एकल तबला वादन प्रस्तुत किया, इनके साथ विवेक विश्वकर्मा ने हारमोनियम पर लहरा संगत की।
अंत में कार्यक्रम का समापन सम्राट भट्टाचार्य के सुमधुर गायन से हुआ। इन्होंने राग मारूबिहाग में बड़ा ख्याल, छोटा ख्याल एवं राग मिश्र खमाज में एक सुंदर ठुमरी प्रस्तुत की। इनके साथ हारमोनियम पर ऋषभ मिस्त्री तथा तबले पर डॉ. शिवनारायण मौरे ने कुशल एवं सधी हुई संगत की। मंच संचालन गायन विभाग के वरिष्ठ छात्र राहुल चौहान ने किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. लिकेश्वर वर्मा ने आभार वक्तव्य किया। कार्यक्रम में नृत्य संकाय की अधिष्ठाता प्रो. डॉ. नीता गहरवार, संगीत संकाय के सहायक प्राध्यापक जगदेव नेताम, डॉ. दिवाकर कश्यप सहित शोधार्थी, विद्यार्थी एवं संकाय के अन्य सभी सदस्य उपस्थित थे।

