सिविल सर्जन से आयुष्मान भारत कार्यक्रम का जाना हाल।
RKTV NEWS/गया(बिहार )06 जून। जिला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुहैया कराये जा रहे सेवाओं के बारे में केंद्र सरकार द्वारा जानकारी प्राप्त करने का काम किया जा रहा है। इस क्रम में शुक्रवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से अपर महानिदेशक डॉ मनीषा वर्मा तथा वरीय समाचार संपादक आनंद चतुर्वेदी, नेतृत्व में प्रेस इंफॉरमेशन ब्यूरो भारत सरकार की दस सदस्यी मीडिया प्रतिनिधि दल ने जिला का भ्रमण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर टीम के साथ सिविल सर्जन डॉ राजा राम प्रसाद, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक नीलेश कुमार बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति पटना की ओर से प्रशासी पदाधिकारी शैलेश चंद्र दिवाकर, निदेशक आॅपरेशन आलोक रंजन, नेशनल हेल्थ एंजेंसी से वीर भारती सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मीडिया दल ने अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अस्पताल अधीक्षक व स्वास्थ्य पदाधिकारियों से बात की। इसके बाद लोकनायक जयप्रकाश नेत्र अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जाना।
आयुष्मान भारत कार्यक्रम का जाना हाल
भ्रमण करने आयी टीम द्वारा आयुष्मान भारत कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी ली गयी। बताया गया कि जिला में 32 लाख 98 हजार 627 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य है। इस लक्ष्य का 42 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। जिला में 13 लाख 73 हजार 865 आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं। आयुष्मान भारत कार्यक्रम के विषय में जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला में आयुष्मान भारत कार्ड बनाने का काम तेजी से हो रहा है। विशेष अभियान के तहत कैंप मोड में आयुष्मान भारत कार्ड बनाये गये हैं। जिन्हें भी इलाज की जरूरत है वे आयुष्मान भारत कार्ड का उपयोग जरूर करें। आयुष्मान भारत कार्यक्रम के तहत संबंधित अस्पतालों में जाकर इलाज करायें। आयुष्मान कार्ड बनाने का काम जिला स्तर पर निरंतर संचालित करने का निर्देश है।
कई प्रखंड में लक्ष्य के निकट है काम
मानपुर प्रखंड में कार्ड बनाने का 71 प्रतिशत काम पूरा हो चुका हैं यहां 81 हजार 891 आयुष्मान कार्ड बनाये गये हैं। डोभी में 51 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यहां 62 हजार 927 आयुष्मान कार्ड बनाये गये हैं। वहीं बाराचट्टी प्रखंड में 62054, आमस में 42607, नीमचक बथानी में 35421, गुरुआ में 68750, अतरी में 35842, खिजरसराय में 67210, बेलागंज में 62323, टनकुप्पा में 45052, कोंच में 67038, गुरारू में 47083, परैया में 33579, बांकेबाजार में 45490, वजीरगंज में 70413, बोधगया में 65956, फतेहपुर में 65418, शेरघाटी में 44649, मोहरा में 30902, मोहनपुर में 52930, टिकारी में 65672, इमामगंज में 60257, डुमरिया में 40571, सदर प्रखंड में 90168 आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। जिला में 20 हजार 770 लोगों ने आयुष्मान भारत कार्ड की मदद से विभिन्न अस्पतालों में अपना इलाज कराया है। जिला में आयुष्मान कार्ड के तहत 27 करोड़ 41 लाख 60 हजार 554 रुपये का इलाज किया गया है। भ्रमण करने वाली टीम को बताया गया कि लोकनायक जयप्रकाश नेत्र अस्पताल में आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। आंख के इलाज के लिए आने वाले चालीस प्रतिशत योग्य मरीजों का आयुष्मान कार्ड बना है। इससे हजारों मरीजों के आंख के इलाज में आसानी हुई है।

