
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)04 जून।बिहार के भोजपुर जिले में गंगा दशहरा एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महुली गंगा घाट (बड़हरा) पर मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर को सफल बनाने हेतु जिला गंगा समिति, भोजपुर के कार्यालय में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसका संचालन जिला परियोजना पदाधिकारी अमित कुमार सिंह ने किया। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, गंगा घाटों की साफ-सफाई, और पौधारोपण से जुड़ी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। श्री सिंह ने बताया कि 5 जून को जिले के विभिन्न घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्वच्छता कर्मियों और गंगा ग्राम के युवा सक्रिय भागीदारी करेंगे। इसके उपरांत गंगा तट पर पौधारोपण किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संध्या 6:00 बजे महुली घाट पर होने वाली भव्य गंगा आरती होगी, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा और उपस्थित लोगों को एक-एक पौधा वितरित किया जाएगा।इस आयोजन में जिले के कई वरीय अधिकारी भी भाग लेंगे। गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस का यह संयुक्त कार्यक्रम जन सहभागिता और पर्यावरण जागरूकता का प्रतीक होगा।
