
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)29 मई। बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, भोजपुर द्वारा आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के निमित्त EVM/VVPAT के प्रथम स्तरीय जाँच (FLC) एवं निर्वाचन से संबंधित अन्य विषयों पर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव/प्रतिनिधियों के साथ बैठक आहूत की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा उपस्थित राजनैतिक दलों को 31.05.2025 से प्रारंभ हो रहे EVM/VVPAT के प्रथम स्तरीय जाँच (FLC) की जानकारी दी गई। यह जाँच दिनांक 18.06.2025 तक ब्लॉक रोड, आरा स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस में संपन्न होगी। भोजपुर जिला में उपलब्ध 4310 बैलट यूनिट (BU), 3374 कंट्रोल यूनिट (CU) तथा 3634 वीवीपैट (VVPAT) का प्रथम स्तरीय जाँच किया जाना है। यह जाँच इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) के अभियंताओं द्वारा राजनैतिक दलों की उपस्थिति में की जाएगी। प्रथम स्तरीय जाँच (FLC) के दौरान राजनैतिक दलों की उपस्थिति अनिवार्य है। अतः सभी राजनैतिक दलों से प्रतिदिन FLC कार्य में उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया।
FLC कार्य सामान्य कार्यदिवसों के साथ-साथ अवकाश के दिनों में भी प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से अपराह्न 7:00 बजे तक किया जाएगा। FLC हॉल में केवल आई कार्डधारी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों/प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों/कर्मियों/मजदूरों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। साथ ही, FLC हॉल में मोबाइल ले जाना वर्जित रहेगा।
पूरी FLC प्रक्रिया की वेबकास्टिंग की जाएगी, जिसे भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं निर्वाचन विभाग, बिहार पटना द्वारा अवलोकन किया जाएगा। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा चुनी गई 5% EVM/VVPAT पर मॉक पोल भी किया जाएगा।
साथ ही, बैठक में निर्वाचक सूची के अंतर्गत पंजीकरण, विलोपन, संशोधन एवं महिला लिंगानुपात में अपेक्षित वृद्धि हेतु सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया। आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर मतदान प्रतिशत में वृद्धि हेतु भी राजनैतिक दलों से सहयोग का अनुरोध किया गया। अंत में, सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से अनुरोध किया गया कि वे सभी विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति सुनिश्चित करें।
इस बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, भोजपुर दिवाकर लाल दास,अवर निर्वाचन पदाधिकारी, आरा सदर तथा जिला स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
