कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने छात्रों को प्रदान कीं आदेश की प्रतियां।
खैरागढ़/छत्तीसगढ़ (रवींद्र पांडेय) 21 अप्रैल। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ में अध्ययनरत उत्तर-पूर्व क्षेत्र के 35 विद्यार्थियों को 1 लाख 90 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह राशि विवि के कुलाधिपति एवं छत्तीसगढ़ के राज्यपाल द्वारा स्वेच्छानुदान मद से वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत 5000 रुपए प्रति विद्यार्थी की दर से दी गई है। इस राशि को राजभवन से विद्यार्थियों के खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित किया गया है।
इधर कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा ने विश्वविद्यालय के परिसर–2 स्थित प्रशासनिक भवन में लाभार्थी विद्यार्थियों को आमंत्रित किया और उनके स्वीकृति आदेश की प्रतियां प्रदान कीं। डॉ. शर्मा ने राज्यपाल महोदय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता राशि विद्यार्थियों की शिक्षा और प्रशिक्षण में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने विद्यार्थियों को इस राशि का सदुपयोग करने की सलाह दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि इस पहल से विशेष रूप से उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में मजबूती मिलेगी। वे अपने कौशल को और विकसित कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन सहित शिक्षकों व विद्यार्थियों ने इस आर्थिक सहायता के लिए राज्यपाल महोदय के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।

