
RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड)12 अक्टूबर। उपायुक्त, रामनिवास यादव के निर्देश के आलोक में जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अधीक्षक उत्पाद, गिरिडीह के दिशा-निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम द्वारा मुफ्फसिल थाना अंतर्गत भदडीहा क्षेत्र में अवैध महुआ चुलाई शराब के निर्माण स्थलों एवं संबंधित अड्डों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके पर संचालित जलती भट्ठी से संबंधित स्थलों की जांच करते हुए लगभग 80 लीटर तैयार अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। इसके अतिरिक्त, शराब निर्माण के लिए विभिन्न घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में बर्तनों, ड्रमों और डिब्बों में छिपाकर रखे गए लगभग 400 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ को घटनास्थल पर ही विनष्ट किया गया।
अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन जैसी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में सुमितेश कुमार, अवर निरीक्षक उत्पाद, सदर अंचल, महेश कुमार दास, अवर निरीक्षक उत्पाद, बगोदर अंचल, गृह रक्षा वाहिनी के सशस्त्र बल के जवान सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
