मुख्य सड़क मार्गों के किनारे स्थित विद्यालयों को प्राथमिकता, विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की पहल।
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)10 अक्टूबर।जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यालय परिसरों को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) मद से 62 विद्यालयों में तार से घेराबंदी का कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए विशेष रूप से उन विद्यालयों को चिह्नित किया गया है, जो मुख्य सड़क मार्गों के किनारे अवस्थित हैं। इस पहल का उद्देश्य विद्यालय परिसरों की सीमा निर्धारित करने के साथ-साथ बच्चों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
मुख्य सड़कों के समीप स्थित विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा विशेष महत्व रखती है। विद्यालय परिसर की घेराबंदी होने से बच्चों की आवाजाही को व्यवस्थित करने, उनके अनियंत्रित रूप से सड़क की ओर जाने की आशंका को कम करने तथा परिसर में शैक्षणिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित परिवेश विकसित करने में मदद मिलेगी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित विद्यालयों में घेराबंदी का कार्य कराया जा रहा है।
62 विद्यालयों में से 32 में कार्य पूर्ण
निर्धारित कार्ययोजना के तहत जिले के 62 विद्यालयों में तार से घेराबंदी कराई जा रही है। इनमें से 32 विद्यालयों में कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि 22 विद्यालयों में कार्य प्रगति पर है। शेष 08 विद्यालयों में कार्य प्रारंभ किया जाना है। इस प्रकार, कुल चिह्नित विद्यालयों में से आधे से अधिक में घेराबंदी का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा अन्य विद्यालयों में भी इसे आगे बढ़ाया जा रहा है।
डीएमएफटी मद से कराए जा रहे इस कार्य के माध्यम से विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने के साथ विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। विद्यालयों की बेहतर व्यवस्था और सुरक्षित परिसर बच्चों की नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर की जा रही यह पहल विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा विशेषकर मुख्य सड़क मार्गों के किनारे स्थित विद्यालयों में सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

