सोशल मीडिया से ग्राहक जुटाने से लेकर दोबारा दुकान तक लाने का डिजिटल लूप; क्यूआर, वाई-फाई, ऑफर और एनालिटिक्स एक ही सिस्टम में।
नई दिल्ली/मनोज कुमार प्रसाद 7 अक्टूबर। जियो ने ऑफलाइन कारोबार को डिजिटल ताकत देने के लिए अपनी ‘स्मार्ट शॉप’ तकनीक पेश की है। इसका उद्देश्य दुकानदारों को ग्राहक तक पहुंचने, उसे दुकान तक लाने, डिजिटल रूप से जोड़ने और फिर उसे दोबारा दुकान पर बुलाने की पूरी प्रक्रिया को एक ही सिस्टम से संचालित करने में सक्षम बनाना है। यह तकनीक 7 से 10 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में प्रदर्शित की जा रही है।
हर फिजिकल दुकान का एक निश्चित कैचमेंट एरिया होता है, जहां से उसके अधिकांश ग्राहक आते हैं। स्मार्ट शॉप इसी क्षेत्र के संभावित ग्राहकों तक डिजिटल माध्यम से पहुंच बनाने में मदद करती है। जियो के मुताबिक, दुकानदार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य डिजिटल टूल की मदद से इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर अपना कैटलॉग और प्रचार सामग्री तैयार कर सकता है। जस्टडायल और सोशल मीडिया जैसे प्लेटफॉर्म से दुकान तक ग्राहकों को लाना भी इस समाधान का हिस्सा है।
क्यूआर कोड से ग्राहक और दुकानदार दोनों को फायदा
ग्राहक के दुकान पहुंचने के बाद स्मार्ट शॉप उसे डिजिटल रूप से जोड़ने की सुविधा देती है। ग्राहक दुकान में लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर वाई-फाई से जुड़ सकता है। इसके साथ ही दुकान के ऑफर और डिस्काउंट कूपन उसे व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इससे ग्राहक को तत्काल लाभ मिलता है, जबकि दुकानदार के पास उससे डिजिटल रूप से जुड़े रहने का माध्यम तैयार हो जाता है।
डैशबोर्ड बताएगा ग्राहक का व्यवहार
स्मार्ट शॉप का डैशबोर्ड दुकानदार को ग्राहक की विजिट से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा सकता है। इसमें यह देखा जा सकता है कि ग्राहक कब आया, किस आउटलेट पर पहुंचा, कितनी देर रुका और वह नया ग्राहक है या पहले भी दुकान पर आ चुका है। यदि किसी कारोबारी के कई आउटलेट हैं तो उनके प्रदर्शन और ग्राहकों से जुड़ी जानकारी को एक ही डैशबोर्ड पर देखा जा सकता है।
जियो के इस समाधान का मूल उद्देश्य ग्राहक तक पहुंचने से लेकर उसे दोबारा दुकान पर लाने तक का डिजिटल लूप तैयार करना है। कंपनी इसे केवल वाई-फाई सुविधा के रूप में नहीं, बल्कि ‘सिंगल पार्टनर, फुल स्टैक’ रिटेल सॉल्यूशन के रूप में पेश कर रही है। इसके तहत अलग-अलग डिजिटल जरूरतों के लिए कई टूल और वेंडर इस्तेमाल करने के बजाय एकीकृत समाधान उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है।
फिलहाल स्मार्ट शॉप को टेक्नोलॉजी डेमो के रूप में प्रदर्शित किया गया है। कंपनी भविष्य में कितने और कौन-कौन से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को इस सिस्टम से जोड़ेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

