खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने एवं खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के साथ व्यवसाय संचालित करने का दिया निदेश।
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड)27 अगस्त।आगामी रक्षाबंधन, दीपावली एवं अन्य त्योहारों के मद्देनजर आज उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा एवं अनुमंडल पदाधिकारी, नगर उंटारी के निर्देश के आलोक में अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गढ़वा डॉ. आर.एस. सिंह, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-3 किरण हेमब्रम एवं कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर राजकमल ने संयुक्त रूप से नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर के विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के क्रम में श्री बंशीधर नगर के विभिन्न मिठाई दुकानों यथा- मेन रोड स्थित खप्पर बाबा स्वीट्स, पूर्णानगर स्थित शिवम् स्वीट्स, न्यू शिवम् स्वीट्स का कारखना होटल, खप्पर बाबा स्वीट्स कारखाना, चेचरिया स्थित संतोष स्वीट्स, बंशीधर स्वीट्स, श्री लक्ष्मी हरी स्वीट्स, हनुमान मोड़ स्थित अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट एवं सुमित स्वीट्स आदि का निरीक्षण किया गया।
शिवम् स्वीट्स कारखाना के निरीक्षण के दौरान 120 किलो संदिग्ध रसगुल्ला एवं 10 किलोग्राम परवल मिठाई पाया गया, जिसमें हरे रंग की अधिकता पाई गई। मौके पर उक्त मिष्ठानों को तत्काल नष्ट करा दिया गया। साफ सफाई की कमी पाई गई। यहाँ से खोआ मिठाई का दो सैंपल जांच हेतु लिया गया। खाद्य कारोबारी को खाद्य सुरक्षा के मानक अधिनियमों के अनुसार व्यवसाय नहीं करने के कारण अभिहित अधिकारी के द्वारा ₹50000 का जुर्माना लगाया गया। साथ ही नगर पंचायत की टीम के द्वारा कारखाना को अगले आदेश तक सील कर दिया गया।
इसी प्रकार न्यू शिवम् स्वीट्स के कारखना के निरीक्षण में साफ सफाई की भारी कमी एवं जल जमाव की स्थिति पाई गई। यहां से भी 100 किलोग्राम संदिग्ध रसगुल्ला को नष्ट कराया गया एवं छेना का सैंपल जांच हेतु लिया गया। खाद्य कारोबारी पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियमों के अनुरूप कार्य नहीं करने के चलते ₹50000 का जुर्माना लगाया गया। उक्त मिठाई कारखाना को भी अगले आदेश तक सील कर दिया गया।
खप्पर बाबा स्वीट्स के कारखाना निरीक्षण में सभी चीजें मानक के अनुसार पाया गया। यहाँ से रसगुल्ला एवं परवल मिठाई का सैंपल जांच हेतु लिया गया।
इसी क्रम मे मेन रोड स्थित संतोष स्वीट्स, सुमित स्वीट्स, बंशीधर स्वीट्स, श्री लक्ष्मी हरी स्वीट्स आदि का भी निरीक्षण किया गया। शिवम् स्वीट्स के निरीक्षण में पाया गया कि मिठाई का सिरा साफ करने हेतु इंडस्ट्रियल यूज़ का हाइड्रा का उपयोग किया जाता है, जिसे जब्त कर लिया गया।
श्री बंशीधर नगर के हनुमान मोड़ स्थित अनिकेत पैलेस एंड रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया, जहां ख़राब पनीर की मात्रा पाई गई। ख़राब पड़े पनीर को नष्ट करा दिया गया एवं किसी खाद्य सामग्री में किसी प्रकार के केमिकल रंग का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया।
पूरे निरीक्षण में सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया गया कि बिना खाद्य लाइसेंस के कारोबार नहीं करें और जिनके पास खाद्य लाइसेंस हैं, वो अपने प्रतिष्ठान में रखना सुनिश्चित करें। साथ ही खाद्य सामग्रियों की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करें। अपने प्रतिष्ठान में साफ सफाई का समुचित ध्यान रखें, मिठाइयों को ढंक कर रखें एवं खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मानकों के अनुरूप ही खाद्य व्यवसाय का संचालन करें, अन्यथा अगले निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस नहीं पाए जाने एवं नियमों के अनुरूप कार्य नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण में उपरोक्त के अलावे खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार आदि उपस्थित थें।




