
भोपाल/मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद)01 अगस्त।भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा भोपाल में आयोजित तृतीय ब्रिक्स सांस्कृतिक कार्य समूह (Cultural Working Group – CWG) बैठक के अंतर्गत 5 से 8 अगस्त 2026 तक विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष प्रदर्शनियों के साथ-साथ एक भव्य अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें ब्रिक्स देशों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
बैठक के दौरान 5 से 8 अगस्त 2026 तक कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हॉल (मिंटो हॉल), भोपाल में तीन विशेष प्रदर्शनियाँ आयोजित की जाएंगी, जो प्रतिदिन आगंतुकों के लिए खुली रहेंगी। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत तथा विश्व के साथ उसके ऐतिहासिक संबंधों को प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रमुख प्रदर्शनियों में ‘ज्ञान भारतम्’ के माध्यम से भारत की समृद्ध पांडुलिपि परंपरा, ज्ञान-विज्ञान एवं प्राचीन सभ्यतागत विरासत को प्रस्तुत किया जाएगा। ‘बृहत्तर भारत’ प्रदर्शनी एशिया एवं विश्व के विभिन्न क्षेत्रों के साथ भारत के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों को रेखांकित करेगी, जबकि ‘प्रोजेक्ट मौसम’ भारत की समुद्री विरासत तथा हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के साथ उसके ऐतिहासिक सांस्कृतिक संपर्कों को दर्शाएगी।
इन प्रदर्शनियों का उद्देश्य भारत की बहुआयामी सांस्कृतिक धरोहर, ज्ञान परंपरा तथा वैश्विक सांस्कृतिक संबंधों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों, कला विशेषज्ञों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को परिचित कराना है। ये प्रदर्शनियाँ भारत की सांस्कृतिक कूटनीति तथा “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को प्रभावी रूप से अभिव्यक्त करेंगी।
इसी क्रम में 6 अगस्त 2026 को सायं 5:00 बजे से 7:00 बजे तक रवीन्द्र भवन, भोपाल में एक भव्य अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भारत, मिस्र, इंडोनेशिया, ब्राज़ील, रूस एवं दक्षिण अफ्रीका के कलाकार अपनी पारंपरिक लोक एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत करेंगे। यह आयोजन विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विविधता, लोक कलाओं एवं परंपराओं को एक मंच पर देखने का दुर्लभ अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में स्कूल एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षक, शोधार्थी, कला एवं संस्कृति प्रेमी तथा आम नागरिक सादर आमंत्रित हैं। इच्छुक प्रतिभागियों से अनुरोध है कि कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पूर्व पंजीकरण अवश्य करें।
पंजीकरण लिंक: https://forms.gle/dMbQsxC9VQuZnAz69
आयोजकों ने सभी नागरिकों से इस अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने तथा ब्रिक्स देशों की सांस्कृतिक विविधता एवं साझा विरासत का साक्षी बनने की अपील की है।
कार्यक्रम विवरण
विशेष प्रदर्शनियाँ
* तिथि: 5–8 अगस्त 2026
* स्थान: कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हॉल (मिंटो हॉल), भोपाल
अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संध्या
* तिथि: 6 अगस्त 2026
* समय: सायं 5:00 बजे से 7:00 बजे
* स्थान: रवीन्द्र भवन, भोपाल
* मुख्य आकर्षण: भारत, मिस्र, इंडोनेशिया, ब्राज़ील, रूस एवं दक्षिण अफ्रीका के पारंपरिक लोक एवं सांस्कृतिक नृत्य
