
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)30 जुलाई।राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के सफल एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने तारा मंदिर से बाबा बासुकीनाथ मंदिर तक संपूर्ण रूट लाइन, क्यू कॉम्प्लेक्स, संस्कार मंडप, टेंट अस्पताल, कंट्रोल रूम एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मंदिर सभागार में मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होगी। ऐसे में सभी विभाग पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का सुगम जलार्पण ही जिला प्रशासन का संकल्प है और हमारी कोशिश हो कि हर श्रद्धालु यहां से अच्छी व्यवस्था का संदेश लेकर जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तारा मंदिर ओपी में अतिरिक्त दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जा सके। उन्होंने तारा मंदिर से मुख्य मंदिर तक पूरी रूट लाइन का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और कहा कि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित एवं सुगम तरीके से आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
क्यू कॉम्प्लेक्स, संस्कार मंडप, रूट लाइन तथा पूरे मेला क्षेत्र में तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी जवान पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दें।
टेंट अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि 24×7 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहे तथा इमरजेंसी के लिए स्ट्रेचर एवं सभी आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। चिकित्सक निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें। साथ ही टोटो एम्बुलेंस एवं बाइक एम्बुलेंस के चालक अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध रहें तथा अनावश्यक रूप से बाहर न घूमें। आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त एम्बुलेंस की भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए निगरानी व्यवस्था लगातार सक्रिय रहे तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी वरीय पदाधिकारियों से उनके दायित्वों की जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि व्यवस्था में जहां भी किसी प्रकार की कमी या त्रुटि हो, उसे आज रात तक हर हाल में दूर कर लिया जाए।
उन्होंने सफाई व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने, केंद्रीयकृत माइकिंग सिस्टम के माध्यम से कंट्रोल रूम से प्रसारित होने वाले संदेशों को मेला क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से तक पहुंचाने तथा विद्युत विभाग को लगातार बिजली के तारों एवं उपकरणों की जांच करते रहने का निर्देश दिया। साथ ही बारिश की स्थिति में रूट लाइन पर कीचड़ नहीं होने देने के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, सहज एवं सुखद जलार्पण का अनुभव प्राप्त हो।
