RK TV News
खबरें
Breaking News

गढ़वा:विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल संचालन हेतु व्यापक अभियान प्रारंभ।

एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता छूटे नहीं एवं एक भी अयोग्य व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।

RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड )21 जून।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा द्वारा जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों, बूथ लेवल एजेंटों तथा संबंधित निर्वाचन कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 कार्यक्रम को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार एक स्वच्छ, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची है। इसी उद्देश्य से आयोग द्वारा यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे।

निर्धारित कार्यक्रम

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार👇

प्रशिक्षण एवं मुद्रण कार्य : 20 जून 2026 से 29 जून 2026 तक।
बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण एवं गणना कार्य : 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक।
मतदान केन्द्रों का रेशनलाइजेशन : 29 जुलाई 2026 तक।
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन : 05 अगस्त 2026 तक।
दावा एवं आपत्ति अवधि : 05 अगस्त 2026 से 04 सितम्बर 2026 तक।
दावों एवं आपत्तियों का निपटान : 05 अगस्त 2026 से 03 अक्टूबर 2026 तक।
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 07 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है।

घर-घर जाकर किया जाएगा मतदाता सत्यापन

30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा प्रत्येक घर का भ्रमण कर मतदाताओं को पूर्व-भरा हुआ गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा तथा उसे संग्रहित किया जाएगा। इस अवधि के प्रारंभिक चरण में मतदान केन्द्रों पर कोई विशेष शिविर आयोजित नहीं होगा और पूरी प्रक्रिया घर-घर जाकर संचालित की जाएगी।
प्रत्येक बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे सभी मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा आवश्यकता पड़ने पर मोबाइल फोन के माध्यम से भी मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें। मतदाता भी अपने घर पर लगाए गए नोशनल नंबर स्टिकर अथवा बुक-अ-कॉल सुविधा के माध्यम से संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे।

तीन बार घर भ्रमण अनिवार्य

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, बीएलओ को गणना प्रपत्र संग्रहण हेतु प्रत्येक घर पर कम से कम तीन बार भ्रमण करना अनिवार्य होगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

डिजिटाइजेशन कार्य 30 जून से प्रारंभ

बीएलओ द्वारा ईसीआईनेट (ECINET) में गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रहण की स्थिति का ऑनलाइन अद्यतन तथा डिजिटाइजेशन कार्य 30 जून 2026 से प्रारंभ किया जाएगा।
इसके लिए पंचायत एवं वार्ड स्तर पर हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा युक्त डिजिटाइजेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कंप्यूटर ऑपरेटर एवं हेल्प डेस्क मैनेजर की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी, ताकि कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके।

ASDD सूची का विशेष सत्यापन

अनुपस्थित (Absent), स्थायी रूप से स्थानांतरित (Shifted), मृत (Death) एवं डुप्लीकेट (Duplicate) मतदाताओं की पहचान हेतु ASDD सूची तैयार की जाएगी। इस सूची का सत्यापन घर-घर सर्वेक्षण के माध्यम से किया जाएगा।
जिन मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो पाएगा, उनके लिए जुलाई 2026 के चौथे सप्ताह में मतदान केन्द्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा सकते हैं, जिससे उन्हें अपनी जानकारी उपलब्ध कराने का पर्याप्त अवसर मिल सके।

मतदाताओं के अधिकार पूर्णतः सुरक्षित

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि गणना प्रपत्र जमा करने वाले सभी मतदाताओं का प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित किया जाएगा। किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के अवसर प्रदान किए मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा साथ ही प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को दो स्तर की अपील का अधिकार उपलब्ध रहेगा। उन्होंने नए मतदाताओं को निर्धारित घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 जमा करना की बात कही।

BLA की महत्वपूर्ण भूमिका

निर्वाचन आयोग द्वारा राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की नियुक्ति का प्रावधान किया गया है।

बीएलए-2 को अपने मतदान केन्द्र क्षेत्र में निम्नलिखित महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं👇

त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण में सहयोग करना।

अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान में सहायता करना।

घर-घर सर्वेक्षण एवं गणना प्रपत्र वितरण/संग्रहण में बीएलओ के साथ सहभागिता करना।

मतदाताओं को फॉर्म-6, 7 एवं 8 भरने एवं जमा करने के लिए प्रेरित करना।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं EPIC सुधार संबंधी जागरूकता फैलाना।

ASDD सूची को अंतिम रूप देने से पूर्व बीएलओ द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की कार्यवाही पर हस्ताक्षर प्राप्त किए जाएंगे तथा बैठक का फोटो एवं प्रतिवेदन ईसीआईनेट पर अपलोड किया जाएगा।

प्रपत्र जमा करने संबंधी दिशा-निर्देश

प्रारूप प्रकाशन से पूर्व कोई भी बीएलए प्रतिदिन 50 से अधिक आवेदन प्रपत्र बीएलओ को जमा नहीं कर सकेगा। साथ ही बीएलए को यह लिखित घोषणा भी देनी होगी कि उसने संबंधित आवेदन प्रपत्रों का व्यक्तिगत रूप से सत्यापन किया है और प्रस्तुत विवरण सही पाए हैं।

सभी नागरिकों से सहयोग की अपील

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा अपने क्षेत्र के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण जन-अभियान है। सभी संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि “एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा एक भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में सम्मिलित न हो।”

Related posts

भोजपुर:सिक्किम के राज्यपाल ने मां आरण्य देवी मंदिर में पत्नी संग की पूजा-अर्चना।

rktvnews

बिहार:मुख्यमंत्री ने प्रकाश पर्व दीपावली की राज्य और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।

rktvnews

भोजपुर:अवधेश नारायण सिंह के विधानपरिषद सभापति बनने पर भाजपा के कार्यकताओ मे खुशी की लहर।

rktvnews

समस्त कोयला भंडार की स्थिति 13 जून, 2023 को 44.22 प्रतिशत की वृद्धि के साथ, 110.58 मिलियन टन तक पहुंच गई।

rktvnews

देहरादून:समस्या का समाधान तभी माना जाएगा, जब शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो: पुष्कर सिंह धामी

rktvnews

भोजपुर:मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का निर्देश।

rktvnews

Leave a Comment