
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)08 अगस्त।एमएम महिला कॉलेज, आरा में शुक्रवार को भारत सरकार के नशामुक्त भारत अभियान के तहत ‘नशामुक्ति शपथ मेगा अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, गोधना रोड, आरा एवं महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में सेमिनार हॉल में आयोजित हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नरेंद्र प्रताप पलित के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से नशामुक्ति का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की।ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रतिनिधियों ने मानसिक स्वास्थ्य, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच और ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।करीब 100 छात्राओं ने शिक्षकों एवं उपस्थित सदस्यों के साथ नशे से दूर रहने की शपथ ली। छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।संचालन डॉ. स्मृति चौधरी, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी, इकाई-1 ने किया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी किरण देवी, ब्रह्माकुमारी रूपा और ब्रह्माकुमारी सुरभि मौजूद रहीं। कार्यक्रम में छात्राओं को स्वास्थ्य, आत्मसंयम, चरित्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
