
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)16 जून।निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से संचालित जागरूकता अभियान-2026 के तहत आज विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए अत्यंत घातक है तथा यह सामाजिक एवं आर्थिक विकास में गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। नशा मुक्ति अभियान को एक सफल जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए सामुदायिक सहभागिता को अनिवार्य बताया गया। सखी मंडल की दीदियों से विशेष रूप से आह्वान किया गया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और नशामुक्त दुमका प्रखंड के निर्माण में एक अग्रदूत की तरह कार्य करें।
जागरूकता सत्र के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास किसी भी प्रकार के निषिद्ध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पूर्णतः वर्जित होनी चाहिए। यदि कहीं ऐसी अवैध गतिविधियां संचालित होती पाई जाती हैं, तो सखी मंडल की दीदियां एवं स्थानीय समुदाय सामाजिक स्तर पर हस्तक्षेप करते हुए उसे रोकें और ऐसे स्थानों एवं व्यक्तियों की त्वरित जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
प्रशिक्षण सत्र में अभियान की आगामी रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि 17 जून से 26 जून 2026 तक प्रखंड की सभी पंचायतों एवं गांवों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शपथ ग्रहण कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, ग्राम सभाएं, समूह बैठकें और जनसंवाद जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
इस महत्वपूर्ण प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM), JSLPS जेंडर सीआरपी, सीसी (CC), पीआरपी (PRP) सहित सखी मंडल की कई दीदियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने और एक स्वस्थ, नशामुक्त समाज के निर्माण का दृढ़ संकल्प लिया।
