₹170 करोड़ की लागत से विकसित होगा यह अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी केंद्र।

प्रतिवर्ष 7,000 से अधिक युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा।
RKTV NEWS/पटना (बिहार)15 जून।बिहार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को नई गति प्रदान करने तथा युवाओं के लिए उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज गया जी के खिजरसराय में अत्याधुनिक MSME प्रौद्योगिकी केंद्र का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं भारत सरकार के केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने संयुक्त रूप से केंद्र का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार,कृषि मंत्री एवं गया जी जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा तथा उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
लगभग ₹170 करोड़ की लागत से विकसित होने वाले इस अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी केंद्र के लिए बिहार सरकार द्वारा 20 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। यह केंद्र राज्य में तकनीकी कौशल विकास, औद्योगिक नवाचार एवं उद्यमिता संवर्धन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
प्रस्तावित MSME प्रौद्योगिकी केंद्र प्रतिवर्ष 7,000 से अधिक युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करेगा। साथ ही 1,000 से अधिक MSME इकाइयों को अत्याधुनिक तकनीकी सहायता, परीक्षण सुविधाएं, डिज़ाइन एवं उत्पाद विकास सहयोग तथा अन्य आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे स्थानीय उद्योगों की उत्पादकता एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रौद्योगिकी केंद्र गया जी सहित पूरे बिहार में औद्योगिक विकास, कौशल संवर्धन, नवाचार और रोजगार सृजन का नया केंद्र बनेगा तथा विकसित बिहार के निर्माण को नई गति प्रदान करेगा। पिछले वर्षों में बिहार में MSME क्षेत्र ने अभूतपूर्व प्रगति की है। MSME इकाइयों की संख्या लगभग 6 लाख से बढ़कर 46 लाख से अधिक हो चुकी है तथा करोड़ों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। बिहार सरकार औद्योगिक विकास, कौशल उन्नयन और रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि प्रोद्योगिकी केंद्र भविष्य में आसपास के क्षेत्रों के युवाओं, उद्यमियों और MSME इकाइयों के लिए कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा तथा प्रदेश के MSME क्षेत्र को नई तकनीक, कौशल विकास, नवाचार और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि गया जी में स्थापित हो रहा यह अत्याधुनिक MSME प्रौद्योगिकी केंद्र बिहार के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा देने वाला निर्णायक कदम है। यह केंद्र हमारे युवाओं को अत्याधुनिक कौशल से सशक्त करेगा और MSME क्षेत्र को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। हम स्पष्ट रूप से बिहार को एक मजबूत औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जहां स्थानीय उद्यम वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में अपनी मजबूत पहचान बनाएंगे और आत्मनिर्भर बिहार का लक्ष्य तेजी से साकार होगा।
इस दौरान बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, MSME मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव भारत खेड़ा, उद्योग विभाग के सचिव सह BIADA एवं IDA के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार, निदेशक MSME एवं खाद्य प्रसंस्करण अमन समीर, वरिष्ठ अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
यह अत्याधुनिक MSME प्रौद्योगिकी केंद्र गया जी सहित पूरे बिहार में औद्योगिक विकास, कौशल संवर्धन, नवाचार एवं रोजगार सृजन का नया केंद्र बनेगा तथा विकसित बिहार के निर्माण को नई गति प्रदान करेगा।

