
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)26 मई।भोजपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. शिवेन्द्र कुमार सिन्हा ने की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। सिविल सर्जन अपने अधिकारियों की टीम के साथ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सीएचसी पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र, रजिस्ट्रेशन काउंटर एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की जांच करते हुए समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद आयोजित समीक्षात्मक बैठक में परिवार नियोजन, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, संचारी एवं गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, पोर्टल पर डाटा अपलोडिंग तथा फील्ड स्तर पर चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। डॉ. शिवेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें तथा सरकारी योजनाओं का लाभ योग्य लोगों तक समय पर पहुंचाएं। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता एवं रिकॉर्ड संधारण को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।
