
RKTV NEWS/गिरिडी(झारखंड)23 मई। जिले में हो रही भारी बारिश एवं तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाने के पश्चात उपायुक्त, रामनिवास यादव ने पावर ग्रिड एवं प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली व्यवस्था बहाल करने के कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने करहरबारी पावर ग्रीड, बस स्टैंड सब स्टेशन तथा डांडीडीह पावर सब स्टेशन का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति में आ रही तकनीकी दिक्कतों एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल ने बताया कि भारी बारिश एवं तेज हवा के कारण 33 केवीए लाइन लगभग 27-28 स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। कई जगहों पर विद्युत पोल एवं ओवरहेड तारों को नुकसान पहुंचा है, जिसकी मरम्मत युद्धस्तर पर की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों से पूछा कि आखिर किन कारणों से विद्युत बाधित हुई और आमजनों को कब तक सुचारु रूप से बिजली उपलब्ध हो सकेगी। इस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि तकनीकी टीम लगातार मैदान में कार्य कर रही है तथा क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से चल रहा है। विभाग द्वारा अतिरिक्त संसाधन एवं मैनपावर लगाकर कार्य कराया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य हो सके। उपायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति बहाल करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उपायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों का भी भ्रमण किया तथा मरम्मत कार्य में जुटे कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। शहर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल करने हेतु 45 मैनपावर को लगाया गया है, जो लगातार फील्ड में कार्य कर क्षतिग्रस्त लाइनों एवं विद्युत ढांचे की मरम्मत में जुटे हुए हैं। प्रशासन एवं विद्युत विभाग की टीम संयुक्त रूप से स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है।
उन्होंने आमजनों से अपील की कि बारिश के दौरान टूटे हुए बिजली तारों एवं विद्युत पोल से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत विद्युत विभाग अथवा प्रशासन को दें। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है तथा आमजनों को जल्द से जल्द निर्बाध विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई जारी है।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता, गिरिडीह शकील आलम, कार्यपालक अभियंता, गिरिडीह (दक्षिण), मृणाल गौतम एवं सहायक अभियंता, गिरिडीह (टाउन) सुरजीत उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
