
RKTV NEWS/चतरा ( झारखंड)20 मई।जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल, चतरा में जिला स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लगभग 550 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा उपस्थित हुए।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने किसानों को बदलते मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आकस्मिक फसल अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऊपरी भूमि पर दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि किसानों की सुविधा एवं कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में सोलर कोल्ड स्टोरेज स्थापित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने खरीफ मौसम को लेकर कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से आकस्मिक फसल, बीज चयन, खेती की आधुनिक तकनीक एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में विस्तार से किसानों को अवगत कराया।
उप परियोजना निदेशक, आत्मा, चतरा रमेश कुमार ने आत्मा योजना अंतर्गत किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे प्रशिक्षण, परिभ्रमण एवं प्रत्यक्षण कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। वहीं जिला मत्स्य, पशुपालन, भूमि संरक्षण एवं सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी किसानों को दी।
कार्यक्रम में उपस्थित LDM द्वारा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के लाभ एवं बैंकिंग सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यशाला का मंच संचालन उप परियोजना निदेशक, आत्मा, चतरा रमेश कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला कृषि विभाग एवं आत्मा के कर्मियों के साथ-साथ सभी प्रखंडों के ATM एवं BTM भी उपस्थित थे।
