
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)21 नवंबर।राज्य सरकार द्वारा 21 नवंबर से 28 नवंबर तक आयोजित “सेवा का अधिकार सप्ताह” के अंतर्गत दुमका प्रखंड के मालभण्डारो पंचायत भवन में आज विशेष शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त श्री अभिजीत सिन्हा शामिल हुए।
उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आधार, ई-केवाईसी, राशन, जाति, निवासी सहित अन्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान एवं नए आवेदनों के लिए सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
उपायुक्त ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे जागरूक होकर सरकारी योजनाओं का लाभ लें तथा ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं, ताकि किसी भी योजना का लाभ लेने में बाधा नहीं उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि शिविर की जानकारी आसपास के लोगों को भी दें ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि “सेवा का अधिकार सप्ताह” झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 के प्रावधानों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है। शिविर में जाति, स्थानीय निवासी, आय, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से संबंधित आवेदन सहित अधिनियम में सूचीबद्ध अन्य सेवाओं एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त किए गए।
लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया, जिसमें
● अबुआ आवास योजना के तहत 2 लाभुकों को चाभी प्रदान की गई
● 1 लाभुक को जॉब कार्ड
● स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 12 लाख का क्रेडिट लिंकेज
● आजीविका ग्राम संगठन को सीएलएफ द्वारा 6 लाख 20 हजार रुपये सामुदायिक निवेश निधि
● 1 लाभुक को ‘दीदी की दुकान’ हेतु 60 हजार रुपये
● मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत 2 लाभुकों को लाभान्वित किया गया

इसके बाद उपायुक्त ने सभी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्रतिनियुक्त कर्मियों को आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्ण तत्परता से कार्य करने का निदेश दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन कर किया गया। जन प्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया और योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
किसानों से बातचीत एवं फसल क्षति की समीक्षा
कार्यक्रम से लौटते समय उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मालभण्डारो पंचायत के किसानों से बातचीत की। उन्होंने मोंथा चक्रवात एवं भूरा माहू किट (BPH) से हुए नुकसान का जायजा लिया और संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया कि जिन किसानों की फसल क्षतिग्रस्त हुई है, उनसे फसल क्षति भरपाई के लिए आवेदन कराया जाए।उपस्थिति किसान द्वारा बताया गया कि उसके खेत में किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है, जबकि आसपास के खेतों में हुई क्षति के लिए किसान आवेदन कर चुके हैं।
“सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत इन स्थलों पर शिविर का आयोजन किया गया
● दुमका–मालभंडरो (पंचायत सचिवालय भवन),
● गोपीकंदर–मुसना(प्राथमिक विद्यालय, जीतपुर प्रांगण),
● जामा–तपसी (पंचायत भवन),
● जरमुंडी–कालाडुमरिया (पंचायत भवन सचिवालय प्रांगण),
● काठीकुंड–तेलियाचक बाजार (पंचायत भवन),
● मसालिया–रांगा (पंचायत सचिवालय भवन),
● रामगढ़–बन्दरजोरा (पंचायत सचिवालय),
● रानीश्वर-मोहुलबना ( पंचायत भवन के सामने)
● सरैयाहाट–धनवै (पंचायत भवन),
● शिकारीपाड़ा–चितरागाड़िया एवं शहरपुर (पंचायत भवन),
● नगर परिषद दुमका–वार्ड 1 एवं 2 (रासिकपुर तालाब के निकट),
● नगर पंचायत बासुकीनाथ–वार्ड 1 एवं 2 (पुराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जरमुण्डी)।
