
RKTV NEWS/दुमका ( झारखंड)17 मई। शनिवार को कन्वेंशन सेंटर दुमका में झारखंड शिक्षा परियोजना, दुमका के तत्वावधान में शिक्षक सम्मान-सह-प्रतिभा अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में दुमका के सांसद नलिन सोरेन उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जामा विधायक लुईस मरांडी, जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर तथा शिकारीपाड़ा विधायक आलोक सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, जिला वन पदाधिकारी सात्विक, उपसमाहर्ता राजीव कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, एसडीपीओ, पुलिस उपाधीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। साथ ही झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के राज्य अध्यक्ष दीवार महतो भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मसलिया की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा स्वागत भाषण एवं विषय प्रवेश प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान काशीनाथ महतो द्वारा मॉडल प्रश्न पत्र निर्माण के संबंध में जानकारी दी गई। उपायुक्त ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘दीप’ कार्यक्रम के माध्यम से जिले में शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने इस वर्ष के परीक्षा परिणामों पर संतोष व्यक्त करते हुए इस प्रकार के प्रयासों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि सांसद नलिन सोरेन ने जिले की शैक्षणिक प्रगति की सराहना करते हुए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग को बधाई दी। अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने संबोधन में छात्रों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर के सभी संकायों के जिला स्तरीय टॉप-10 विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही शत-प्रतिशत प्रथम श्रेणी एवं उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ‘दीप’ के जिला समन्वयक काशीनाथ महतो एवं शिवाकांत त्रिपाठी द्वारा उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त को मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मॉडल प्रश्न पत्र निर्माण में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों एवं समन्वयकों को भी सम्मानित किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में झारखंड शिक्षा परियोजना के एपीओ डॉली कुमारी, विभाष चंद्र महतो, रंजन दास, क्षेत्र प्रबंधक सूरज पांडेय सहित सभी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
