
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 26 फरवरी। नारायण का नाम लेने मात्र से ही होगा कल्याण। तीर्थ, व्रत, पूजा पाठ करने से मन को शांति मिलती है। मन से शुद्धता पूर्वक सोच विचार कर जो कार्य करेंगें, वह अच्छा ही होगा। उक्त बातें त्रिदंडी स्वामी जी महाराज के परम शिष्य लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज ने शाहपुर तथा सरना मे कहा। महान संत लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज के पहुँचने पर गाजे-बाजे, फूल माला के साथ भव्य स्वागत किया गया। वाहनों के काफिले के साथ संत जीयर स्वामी जी महाराज शाहपुर-मिश्रवलिया रोड के किनारे बधार में 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक आयोजित होने वाले लक्ष्मी नारायण महायज्ञ व श्रीमदभागवत महापुराण यज्ञ स्थल का निरीक्षण करने पहुँचे। स्वामी जी के पहुँचने पर लोगों ने जयजयकार के साथ अभिवादन किया। स्वामी जी महाराज ने महायज्ञ के रूप-रेखा के संबंध मे यज्ञ कमिटी के लोगों से चर्चा की। उन्होंने यज्ञ मंडप स्थल, पंडाल, पार्किग, साधू-संत के ठहरने की रेवटी, प्रसाद वितरण स्थल सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कमिटी सदस्यों को पूरी जिम्मेवारी के साथ काम मे लग जाने को कहा। कमिटी के अध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि काशी, मथुरा, वृंदावन, अयोध्या से आने वाले साधू समागम तथा प्रवचन का कार्यक्रम 5 अपैल से ही शुरू हो जायेगा। महायज्ञ की शुरुआत 7 अप्रैल को जलयात्रा से तथा पूर्णाहूति 12 अप्रैल को होगी। संत जीयर स्वामी जी महाराज 13 अप्रैल को आरती व भिक्षा के बाद प्रस्थान करेगें। महायज्ञ की तैयारी जोर शोर से चल रही है। महायज्ञ स्थल निरीक्षण के बाद स्वामी जी छपरा के सोनपुर के लिए रवाना हुए। स्वामी जी सोनपुर से बक्सर जिले के बह्मपुर प्रखंड के पुरवां में हो रहे यज्ञ कार्यक्रम मे जायेंगे जहाँ महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है। इस अवसर पर शाहपुर नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद तथा यज्ञ कमिटी के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, जदयू नेता दिनेश कुमार ओझा, पूर्व मुख्य पार्षद शारदानंद सिंह उर्फ गुड्डू यादव, राजद के वरिष्ठ नेता हीरालाल ओझा, संजय पांडेय, माना पांडेय, पूर्व प्रबन्धक हरेराम ओझा, मुखिया भरत जी ओझा, रामदुलार यादव, रवि यादव, सरना के प्रबुध मनोहर सिंह, दिनेश सिंह, मुखिया बीरबल सिंह, मंटू सिंह,नर्मदेश्वर सिंह उर्फ साधू सिंह, मंटू ओझा, चंदन, कुंदन, उमेश मिश्र सहित बडी संख्या में श्रद्धालू उपस्थित थे।
