
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)22 फ़रवरी।आज कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन, भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में वसंत पंचमी महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन नागरी प्रचारिणी सभागार, आरा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, भोजपुर तनय सुल्तानिया द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके पश्चात विद्यालय की बालिकाओं ने माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर कला संस्कृति पदाधिकारी ने पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त छात्र की उत्कृष्ट कलाकृति को जिला पदाधिकारी को भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने वसंत पंचमी महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे सांस्कृतिक विरासत और कला प्रेम का प्रतीक बताया। महोत्सव के मंच पर सरस्वती वंदना, चैती गायन, होली नृत्य और होली संगीत की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव के अंतर्गत गुरु नानक अभ्यासरत मध्य विद्यालय, मौला बाग आरा में आयोजित चित्रकारिता एवं रंगोली प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी अद्भुत रचनात्मकता का परिचय दिया। चित्रकारिता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान उत्सव राज (मॉडल स्कूल), द्वितीय स्थान अनन्या (जिला स्कूल) और तृतीय स्थान अंकिता कुमारी (सर्वोदय +2 विद्यालय) ने प्राप्त किया। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पूजा कुमारी (D.N +2 विद्यालय, कहथू मसूरी), द्वितीय स्थान ममता कुमारी (T.A.N +2 विद्यालय, धमार) और तृतीय स्थान खुशी कुमारी (N.S +2 उच्च विद्यालय, अरैला) ने हासिल किया। प्रतिभागियों को कला एवं संस्कृति पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन कला एवं संस्कृति पदाधिकारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। वसंत पंचमी महोत्सव 2025 भोजपुर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और युवा प्रतिभाओं को संजोने का एक महत्वपूर्ण अवसर बना।
इस अवसर पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, वरीय उपसमाहर्ता आसमा खातून, महाप्रबंधक उद्योग विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
