
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 12 फरवरी। भोजपुर जिले के शाहपुर स्थित हरि नारायण उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष स्व विशेश्वर ओझा की 9वीं पुण्य तिथि आयोजित की गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत बिहार सरकार के मंत्री डा प्रेम कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री आर के सिंह, पूर्व विधायक संजय सिंह टाइगर, वरिष्ठ भाजपा नेता कौशल कुमार विद्यार्थी तथा युवा नेता राकेश विशेश्वर ओझा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री डॉ प्रेम कुमार सहित भाजपा नेताओं एवं गणमान्य लोगों ने स्व विशेश्वर ओझा के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया। बिहार सरकार के मंत्री डा प्रेम कुमार ने कहा कि स्व विश्वेश्वर ओझा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब लोग उनके बताये मार्गों पर चलने का संकल्प लेंगे और उनका अनुसरण करेंगे। उन्होंने कहा कि स्व विशेश्वर ओझा के कारण ही शाहपुर विधान सभा क्षेत्र मे कमल खिला। उनकी याद मे राकेश विशेश्वर ओझा को अपना पूरा समर्थन देकर विधान सभा भेजने का काम करें ताकि उनके अधूरे सपनों को साकार किया जा सके। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार किसानों के हित के लिए कई स्वालंबी योजनायें चला रही है जिसका फायदा सीधे किसानों को मिल रहा है। मोदी सरकार किसान सम्मान निधि कार्यक्रम चला रही है जिससे किसानों को बाजार से कर्ज नहीं लेना पङ रहा है। बिहार में सड़क, बिजली सहित अन्य कई योजनाओं का सीधे लाभ मिल रहा है। वर्ष 2005 के पहले बिहार में जंगल राज कायम था। पूर्व केन्द्रीय मंत्री आर के सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है। आरा के विकास के लिए मेरा पूरा प्रयास रहेगा और लोगों से आपसी तालमेल के साथ विकास किया जायेगा। राकेश विशेश्वर ओझा ने कहा कि मेरा पिता स्व विशेश्वर ओझा ने ही शाहपुर में भाजपा को जिताने का काम किया। उनके सपनों को साकार करने के लिए मैं गाँव-गाँव में अभियान चला रहा हूँ। इस अवसर पर 31लोगों ने रक्तदान किया। उपस्थित महिलाओं के बीच वस्त्र बांटा गया। श्रद्धांजलि समारोह की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण तिवारी तथा मंच संचालन भाजपा नेता राकेश विशेश्वर ओझा एवं राजेन्द्र मिश्र ने संयुक्त रूप से किया। श्रद्धांजलि सभा को ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष अंजनी तिवारी, मंटू दूबे, शालिग्राम दूबे, शंभू दूबे, सुमन जी, कुमार राघवेन्द्र जी, कुलभूषण जी,पूर्व मुखिया संजय सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अखिला सिंह, रिंकू तिवारी, मुखिया मनोज ठाकुर, जिला डीलर संघ अध्यक्ष नंद कुमार ओझा, एडवोकेट संघ जगदीशपुर के अध्यक्ष अनिल चौबे, सोमनाथ पांडे, पूर्व प्रमुख रामसुजान सिंह, मंडल अध्यक्ष पश्चिमी भुअर पांडेय आदि ने संबोधित किया।
