अभियान के तहत 1082581 लोगों को एल्बेंडाजोल एवं डीईसी की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित।
RKTV NEWS/रामगढ़(झारखंड)22 जनवरी।मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन अंतर्गत फ़ाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर मंगलवार को उप विकास आयुक्त रामगढ़ रोबिन टोप्पो की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ब्लॉक बी के सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान पीरामल फाउंडेशन की राज्य टीम से संजय कुमार, जिला टीम से सिल्वेस्टर टोपनो, वीबीडी कंसलटेंट संजना कुमारी के द्वारा उप विकास आयुक्त एवं बैठक में उपस्थित अन्य अधिकारियों को जानकारी दी गई मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम अंतर्गत फ़ाइलेरिया उन्मूलन अभियान दिनांक 10 फरवरी से 25 फरवरी 2025 तक चलाया जाएगा। जिसके तहत रामगढ़ जिले में 1082581 लोगों को एल्बेंडाजोल एवं डीइसी की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु कुल 2362 ड्रग डिस्ट्रीब्यूटर्स एवं 134 सुपरवाइजर्स को चयनित किया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि दिनांक 10 फरवरी 2025 को 1184 बूथों पर लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाइयां खिलाई जाएंगी एवं 11 से 25 फरवरी 2025 तक घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाइयां खिलाने का कार्य किया जाएगा।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार करने, कार्य में लगे सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों आदि के लिए प्रशिक्षण का आयोजन करने सहित अन्य महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शत प्रतिशत लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाइयां खिलाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त ने फाइलेरिया रोग को लेकर आम जनों को जागरूक करने के उद्देश्य से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान किए जा रहे कार्यों के नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया। बैठक के दौरान जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, डीएमओ स्वास्थ्य विभाग, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, चिकित्सा पदाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, चिकित्सकों सहित अन्य उपस्थित थे।

