RK TV News
खबरें
Breaking News

झारखंड: गढ़वा:निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने उम्मीदवारों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के साथ बैठक की।

RKTV NEWS/गढ़वा (झारखंड)11 नवंबर।गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने रविवार को उम्मीदवारों/ उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में बताया गया कि अब मतदान दिवस के लिए बीच में दो दिन ही शेष हैं, इसलिए आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप मतदान समाप्ति के लिए निर्धारित समय से 48 घंटे पूर्व कई निषेध लागू हो जाते हैं। प्रत्याशियों को इन्हीं सभी प्रतिबंधों को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
निर्वाची पदाधिकारी की ओर से सभी प्रत्याशियों को बताया गया कि मतदान समाप्ति के लिए निर्धारित आखिरी समय से 48 घंटे पूर्व के बाद से निर्वाचन क्षेत्र में लाउडस्पीकर के उपयोग पर पूर्णत: पाबंदी लग जाती है। इसी प्रकार इस अवधि में सार्वजनिक सभाओं, जुलूस व रैलियां पर भी प्रतिबंध लग जाता है। इस प्रतिबंध का जो प्रत्याशी उल्लंघन करेगा उस पर आयोग के निर्देशों की अवहेलना मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
उनके द्वारा बताया गया कि 48 घंटे पूर्व की इस अवधि के दौरान रेडियो और टीवी पर विज्ञापन प्रसारण पर रोक रहेगी, हालांकि अखबारों में प्रकाशन हेतु विज्ञापन सामग्री को जिला एमसीएमसी कमेटी से अनुमोदित करवाया जाना जरूरी रहेगा। यदि किसी प्रत्याशी के चुनाव प्रचार में गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से बाहर के कार्यकर्ता या स्टार प्रचारक आए हैं तो उन्हें ससमय गढ़वा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की सीमा से बाहर चला जाना होगा।
संजय कुमार ने प्रत्याशियों तथा उनके अभिकर्ताओं को जानकारी दी कि वे मतदान दिवस के लिए अपने मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति कर सकते हैं, इस संदर्भ में जरूरी प्रपत्र भी सभी को उपलब्ध कराए गये। जानकारी दी गई कि मतदान अभिकर्ताओं को मतदान के दिन सुबह 5:30 बजे पहुंचना होगा क्योंकि मॉक पोल की प्रक्रिया वास्तविक मतदान से 90 मिनट पहले शुरू हो जाती है।
बैठक में बताया गया कि आयोग के निदेशानुसार प्रत्येक मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि में किसी भी राजनीतिक पार्टी का स्टाल या टेबल नहीं लगना चाहिए। इतना ही नहीं मतदान दिवस के दिन 200 मीटर दूर लगे किसी ऐसे स्टॉल पर राजनीतिक झंडा, बैनर नहीं होना चाहिए। प्रत्याशी चाहें तो अपने स्टॉल पर एक टेबल, दो कुर्सी और 10×10 का एक टेंट लगा सकते हैं, लेकिन उक्त सभी व्यवस्थाएं बूथ से 200 मीटर की दूरी पर ही होना चाहिए। कोई प्रत्याशी अपने प्रायोजित वाहन से मतदाताओं को बूथ तक ले जाने और आने की सुविधा नहीं देगा।
प्रत्याशियों को बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र के 6 मतदान केंद्रों यथा बूथ नंबर 331, 334, 335, 426, 444 व 445 में मतदान का समय सुबह 7:00 से शाम 4:00 बजे तक रहेगा, जबकि शेष 449 बूथों पर मतदान का समय सुबह 7:00 से शाम 5:00 बजे तक रहेगा।
इस दौरान प्रत्याशियों को बताया गया कि मतदाताओं को जो वोटर इनफॉरमेशन स्लिप बांटी गयी है वह पहचान पत्र के रूप में काम नहीं करेगी। पहचान पत्र के लिए एपिक कार्ड या अन्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक को लाना होगा, इन सभी 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों की सूची भी प्रत्याशियों को उपलब्ध कराई गयी।
इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कई जरूरी निर्देशों से भी प्रत्याशियों को अवगत कराया गया। साथ ही प्रत्याशियों के कई संदेहों और प्रश्नों का भी निराकरण किया गया।
बैठक में विभिन्न प्रत्याशी/निर्वाचन अभिकर्ताओं के अलावा सहायक निर्वाची पदाधिकारी शुभम बेला टोपनो के अलावा निर्वाचन से जुड़े तमाम कर्मी मौजूद थे।

Related posts

हनुमानगढ़:जिले में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव करवाना ही प्राथमिकता- जिला निर्वाचन अधिकारी

rktvnews

भारतीय नौसेना पोत आईएनएस किल्टन द्वारा मुरा, ब्रुनेई की यात्रा।

rktvnews

भोजपुर:मैनेजमेंट निरन्तर छात्रों के समग्र विकास के लिए अग्रसर :निदेशक सिद्ध विजय जैन

rktvnews

बिहार: सारण:प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में “मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना” से संबंधित जिला संचालन समिति की बैठक।

rktvnews

भोजपुर:जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, पर्वों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर जोर।

rktvnews

हम सब मिलकर विकसित भारत 2047 के इरादे के साथ ‘राष्ट्र प्रथम’ के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे : प्रधानमंत्री

rktvnews

Leave a Comment