
RKTV NEWS/आरा ( भोजपुर)02 नवंबर। शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- जिला पदाधिकारी,भोजपुर के द्वारा 196- तरारी विधानसभा उप निर्वाचन 2024 की तैयारी के संबंध में सभी कोषांग के वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी,निर्वाची पदाधिकारी के साथ समीक्षा बैठक की गई।
समीक्षा के क्रम में नोडल पदाधिकारी, कार्मिक कोषांग द्वारा बताया गया कि मतदान कर्मी का द्वितीय नियुक्ति पत्र निर्गत कर दिया गया है एवं उसका तामिला कराया जा रहा है तथा मतदान एवं मतगणना मे नियुक्त कर्मियों के मानदेय भुगतान हेतु बैंक खाता की विवरण की सूची तैयार की जा रही है। प्रशिक्षण के संबंध में कोषांग के नोडल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मतदान एवं मतगणना में नियुक्त कर्मियों के द्वितीय एवं अंतिम प्रशिक्षण की तैयारी पूर्ण कर ली गई है।
सामग्री सह मतदाता सूची कोषांग द्वारा बताया गया कि मतदान केंद्रों के आधार पर मतदान सामग्रियों का थैला तैयार किया जा रहा है एवं निर्वाचन सूची का विखंडीकरण एवं कार्यकारी प्रति ससमय तैयार कर ली जाएगी। वाहन कोषांग के नोडल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि वाहनों के रखरखाव हेतु डिस्पैच सेंटर पर स्थल चिन्हित कर लिया गया है तथा वाहनों की टैगिंग के साथ रूट चार्ट तैयार की जा रही है एवं डिस्पैच सेंटर एवं जिला स्तर पर ईंधन आपूर्ति हेतु पेट्रोल पंप चिन्हित की जा रही है। आदर्श आचार संहिता कोषांग के नोडल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा बैंक से कैश के संदेहासपद निकासी पर नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी से उनके कोषांगो से संबंधित कार्यों की प्रगति की अद्यतन जानकारी ली तथा सभी सम्बन्धित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी मतदान बूथ पर पेयजल,विद्युत,शौचालय, रैंप की व्यवस्था ससमय पूर्ण करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया।साथ ही बी0एल0ओ0, जीविका दीदी, आई0सी0डी0एस0 के कर्मी की संयुक्त टीम बनाकर ससमय सभी मतदाताओं को मतदाता पर्ची वितरण करने हेतु निर्देशित किया।
इस बैठक में सभी कोषांगो के वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी सहित जिला/ अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
