
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 03 अप्रैल। भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत के जवइनिया गाँव के बिंद टोली में आग लगने से लगभग 50 घर जल कर राख हो गये। शाम में अचानक जवइनिया बिंद टोली में आग लग गई। पच्छुआ हवा के वेग के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने लगभग 50 घरों को अपने आगोश में ले लिया। घर धू-धू कर जलने लगे। जिससे घरों में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। लोगों की गाढी कमाई पल भर में स्वाहा हो गई। घरों में रखा सामान, चौकी, खटिया,बिछावन, अनाज, बर्तन सहित अनेकों सामान जल कर भस्म हो गये। शाहपुर, बिहिया और जगदीशपुर से आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मंगाया गया तब जाकर आग की भयावहता पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड यानी दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने मे सफलता मिली। मुखिया धर्मशीला देवी और मुखिया प्रतिनिधि सुभाष चौधरी ने बताया कि लगभग 50 घर जलकर राख हो गये। अग्निकांड से प्रभावित परिवारों का सही आंकड़ा बाद में मिल पायेगा। फिलहाल तो लोग आग बुझाने के साथ-साथ सामान एवं मवेशियों को बचाने में ही लगे हुए हैं। हालांकि अग्निकांड में किसी भी जान-माल की क्षति की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही बहोरनपुर ओपी थानाध्यक्ष अभय शंकर सिंह ने घटनास्थल पर पहुँचकर आग को बुझाने के लिए हर संभव प्रयास किया तथा फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मंगवाया। बीडीओ राकेश कुमार और सीओ शम्मा परवीन अपने कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुँच कर वस्तुस्थिति का जायजा ले रहे हैं तथा लोगों की समस्या, दुख एवं दर्द को सुन रहे हैं।


