
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 14 मार्च। भोजपुर जिला के शाहपुर नगर पंचायत के नये कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद नये कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि शाहपुर को स्वच्छ, सुंदर और भयमुक्त बनाने के साथ-साथ विकास की किरण को हर मोहल्ला एवं टोला में पहुंचाना मेरी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, वार्ड पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों तथा नगर के गणमान्य लोगों के सहयोग से नगर क्षेत्र के विकास पर चर्चा की जायेगी ताकि नगर क्षेत्र का विकास हो सके। विदित हो कि कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार का तबादला नगर परिषद हिसुआ से नगर पंचायत शाहपुर में हुआ है। वहीं शाहपुर नगर पंचायत के तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार का तबादला नगर पंचायत बारसोई हुआ है।
