RKTV NEWS/सारण(छपरा)04 मार्च।आसन्न लोक सभा आम निर्वाचन को लेकर गठित विभिन्न कोषांगों द्वारा विभिन्न कार्यों को लेकर पूर्व तैयारी की जा रही है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी अमन समीर ने आज अपने कार्यालय वेश्म में प्रशिक्षण कोषांग, वाहन कोषांग एवं सामग्री कोषांग के कार्यों की समीक्षा की गई।
प्रशिक्षण कोषांग के संदर्भ में बताया गया कि सभी मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिये 310 मास्टर ट्रेनर चिन्हित किये गये हैं। सबसे पहले इन सभी मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण दिया जायेगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण सामग्री निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अद्यतन मानक एवं प्रावधानों के अनुरूप होना चाहिये। प्रशिक्षण छोटे छोटे बैच में कराने को कहा गया। प्रशिक्षण में प्रश्न एवं उत्तर का सत्र अनिवार्य रूप से शामिल करने को कहा गया। प्रशिक्षण हेतु जिला मुख्यालय के 5 विद्यालयों को चिन्हित किया गया है।सभी प्रशिक्षण केन्द्रों पर प्रशिक्षण लेने वाले कर्मियों के लिये पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाये जाने वाले कर्मियों की अनुपस्थिति को त्वरित संज्ञान में लेने की कारगर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के यहाँ तत्काल स्थानीय टीम को भेजकर कारण पृच्छा की जायेगी।संतोषप्रद कारण नहीं पाये जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जायेगी।
वाहन कोषांग की समीक्षा के क्रम में बताया गया विभिन्न प्रकार के वाहनों की आवश्यकता का आकलन कर लिया गया है। बताया गया कि 4 विभिन्न स्थलों पर वाहन कोषांग के कार्यों का निष्पादन किया जायेगा। सभी स्थलों के लिये एक एक पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी के रूप में दायित्व दिया जायेगा। वाहनों में ईंधन की आपूर्त्ति हेतु अलग अलग दिशाओं में पेट्रोल पंप को चिन्हित करने का निदेश दिया गया।वाहनों के लिये लॉगबुक का मुद्रण कराने को कहा गया।
सामग्री कोषांग की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि विभिन्न सामग्रियों की आपूर्त्ति हेतु दर एवं आपूर्तिकर्त्ता का निर्धारण निविदा के माध्यम से किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी सामग्रियों की गुणवत्ता पर विशेष बल देने को कहा। सभी सामग्रियों के लिये चेकलिस्ट तैयार करने का निदेश दिया गया।
बैठक में कोषांग के वरीय पदाधिकारी उप विकास आयुक्त, जिला लोकशिकायत निवारण पदाधिकारी,प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी भूमि सुधार उप समाहर्त्ता सदर, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्त्ति पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी,जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


