RK TV News
खबरें
Breaking Newsशिक्षा

एक भारत श्रेष्ठ भारत (ईबीएसबी) कार्यक्रम के तहत पूरे भारत से लगभग सौ छात्र ओरोविल जाएंगे, जहां सात दिनों तक अनुभव प्राप्त करने वाली यात्रा में भाग लेंगे।

नई दिल्ली/29 जनवरी।राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 में वर्णित विषय वस्तु और श्री अरबिंदो की 150वीं जयंती के तहत चल रहे समारोह से प्रेरित होकर शिक्षा मंत्रालय एक भारत श्रेष्ठ भारत (ईबीएसबी) के तहत ओरोविल में एक सप्ताह के शैक्षिक-सह-सांस्कृतिक भ्रमण का आयोजन कर रहा है। इस पहल के तहत 29 जनवरी से 2 फरवरी 2024 तक 8 उच्च शिक्षा संस्थानों (एचईआई) के 94 छात्र ईबीएसबी-ओरोविल एक्सपोजर टूर (अनुभव प्राप्त करने वाली यात्रा) में भाग लेंगे। इस भ्रमण का महत्व युवाओं को श्री अरबिंदो के समग्र शिक्षा के अद्वितीय दर्शन और वैश्विक महत्व की एक प्रायोगिक नगरी ओरोविल में इसके कार्यान्वयन से परिचित कराने पर होगा। ओरोविल फाउंडेशन शिक्षा मंत्रालय का एक स्वायत्त संगठन है जो भागीदार एचईआई के सहयोग से पर्यटन का आयोजन कर रहा है।
इस दौरे में निम्नलिखित संस्थानों के 94 छात्र भाग लेंगे। इन्हें ओरोविल और श्री अरबिंदो से जुड़े स्थानों से विस्तृत और गहन अनुभव देने का प्रयास किया जाएगा। इन संस्थानों में राजीव गांधी विश्वविद्यालय, अरुणाचल प्रदेश (15), आईआईआईटी सोनीपत (18), सिक्किम विश्वविद्यालय, गंगटोक (15), आईआईटी मंडी (16), मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जयपुर (7), महिलाओं के लिए गृह विज्ञान और उच्च शिक्षा के लिए अविनाशिलिंगम संस्थान (6), पांडिचेरी विश्वविद्यालय (17) हैं।
1968 में स्थापित ओरोविल की कल्पना एक ऐसे सार्वभौमिक शहर के रूप में की गई है जहां सभी देशों के पुरुष व महिलाएं सभी तरह के धर्म, राजनीति और राष्ट्रीयता से ऊपर उठकर शांति और सद्भाव बढ़ाने वाले वातावरण में रह सकते हैं।
ओरोविल अपने अंतरराष्ट्रीय समुदाय, सामुदायिक जीवन के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण और मानव एकता के प्रति प्रतिबद्धता के साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के लक्ष्यों के साथ सहजता से श्रेणीबद्ध है। यहां संस्कृतियों और भाषाओं की विविधता के बीच एकता का उत्सव मनाया जाता है। ओरोविल में विविध समुदाय के लोग रहते हैं। इनमें विभिन्न राष्ट्र और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति शामिल हैं, जो प्रतिभागियों को अंतर-सांस्कृतिक पारस्परिक विचार-विमर्श में शामिल होने, श्री अरबिंदो के समग्र शिक्षा के अद्वितीय दर्शन के व्यावहारिक कार्यान्वयन को देखने और भारतीय ज्ञान पद्धति में निहित आध्यात्मिकता से अवगत होने का बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।
पांच दिनों तक चलने वाले इस दौरे को सहभागी और गहन शिक्षण का अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके तहत विश्व स्तरीय टिकाऊ उत्पाद बनाने वाली ओरोविल इकाइयों का दौरा, साधना वन, एक स्वयंसेवी-आधारित संगठन जो शुष्क (बंजर) क्षेत्रों में पुनर्वनीकरण और खाद्य सुरक्षा पर केंद्रित है, बॉटेनिकल गार्डन (सुरक्षा और बचाव की दिशा में एक ठोस प्रयास), ओरोविल में कला और संस्कृति केंद्र का भ्रमण कराया जाएगा। छात्रों को टाउनशिप के विविध पहलुओं जैसे वास्तुकला, योजना, शिक्षा, अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली आदि का निरीक्षण कराया जाएगा। मातृमंदिर (ओरोविल का आध्यात्मिक केंद्र) और पांडिचेरी श्री अरबिंदो आश्रम का भ्रमण कराया जाएगा। यहां छात्र समाधि, स्कूल, खेल का मैदान देखेंगे साथ ही ध्यान और रात्रिभोज में भाग लेंगे। देहशक्ति (मां द्वारा सिखाई गई शारीरिक शिक्षा) में भाग लेना इस टूर का मुख्य आकर्षण होगा। राष्ट्र निर्माण में योगदान देने में समग्र शिक्षा, आध्यात्मिकता और मूल्यों के महत्व के बारे में छात्रों के बीच गहरी समझ और मूल्यांकन करने की क्षमता विकसित करने के लिए गतिविधियों और अनुभवों की विस्तृत श्रृंखला तैयार की गई है।

Related posts

बागपत:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अब तक जनपद में सबसे अधिक 144जोड़ों का सामूहिक विवाह हुआ संपन्न।

rktvnews

भोजपुर:सेवा पखवाड़ा के तहत विद्युत आपूर्ति अंचल-भोजपुर में विशेष शिविरों का सफल आयोजन।

rktvnews

भोजपुर: LPG सिलेंडरों की उपलब्धता और कालाबाजारी की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने जारी किए हेल्प लाइन नंबर।

rktvnews

भाजपा भोजपुर द्वारा आगामी कार्यक्रमो और केन्द्रीय योजनाओ के प्रति जागरूक करने हेतु कार्यशाला का आयोजन।

rktvnews

बागपत:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खेकड़ा तहसील संपूर्ण समाधान दिवस हुआ संपन्न।

rktvnews

संस्कृत भाषा में ही विश्व को पहला ज्ञान-विज्ञान -ऋग्वेद के रूप में मिला:आचार्य डा भारत भूषण

rktvnews

Leave a Comment