नारनौल/उत्तराखंड 15 नवंबर। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, परियोजनाओं, नीतियों तथा उपलब्ध्यिों को प्रत्येक गांव व वार्ड स्तर तक पहुंचाने के लिए अधिकारी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आउटरीच कार्यक्रम चलाएंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी मौजूद रहेंगे ताकि दूसरे लोग भी उसी प्रकार योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ें। इसी कार्यक्रम को लेकर आज उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) ने लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली।
डीसी ने कहा कि सरकार के निर्देश अनुसार विकसित भारत संकल्प यात्रा के जिला में सफल संचालन के लिए आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम की भावना के अनुरूप ही ये कार्यक्रम आयोजित होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में इन कार्यक्रमों की देखरेख की जिम्मेदारी विकास एवं पंचायत विभाग तथा शहरी क्षेत्र में शहरी स्थानीय निकाय विभाग की रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आज ही रूट प्लान तैयार करें।
उपायुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान हर गांव तथा हर वार्ड में बहुत ही भव्य कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे। ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र में भारत सरकार की ओर से एलईडी वैन उपलब्ध करवाई जाएगी जो जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगी। उन्होंने कहा कि युवा सशक्तिकरण के कार्यक्रम को मजबूत बनाने के लिए इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। हरियाणा उदय एवं नेहरू युवा केंद्र संगठन के युवाओं की भागीदारी भी रहेगी।
डीसी ने बताया कि यह कार्यक्रम सभी गांव में ग्राम सचिवालय में होंगे। जिन गांवों में ग्राम सचिवालय नहीं है वहां पर राजकीय स्कूल में होंगे।

उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों की निगरानी के लिए केंद्र सरकार की ओर से संयुक्त सचिव को जिम्मेदारी दी गई है। सभी कार्यक्रमों में सरकार की ओर से बनाए गए ग्राम संरक्षक सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे। यह वे अधिकारी हैं जो क्लास वन है तथा जिन्हें सरकार की ओर से प्रत्येक गांव में संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह (आईएएस), एसडीएम महेंद्रगढ़ हर्षित कुमार (आईएएस), एसडीएम नारनौल मनोज कुमार व एसडीएम कनीना सुरेंद्र कुमार के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
अधिकारी स्टॉल लगाकर देंगे सेवाएं
उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान गांवों तथा वार्डों में हेल्थ चेकअप, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, चिरायु कार्ड, परिवार पहचान पत्र तथा प्रॉपर्टी आईडी बनवाने या त्रुटियां ठीक करवाने के लिए कैंप लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन कैंपों से आम नागरिकों को बहुत फायदा होगा जहां वे अपने घर द्वार पर ही इन सेवाओं तथा योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। अधिकारी इन स्टॉल का सफल संचालन सुनिश्चित करेंगे।
एडीसी वैशाली सिंह होंगी कार्यक्रम की ओवर आल नोडल अधिकारी
डीसी ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह (आईएएस) को ओवर आल नोडल अधिकारी लगाया गया है। इसके बाद जिला नगर आयुक्त तथा सीईओ जिला परिषद अपने-अपने विभागों के नोडल अधिकारी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि जमीनी स्तर पर कार्य करने के लिए गांव तथा वार्ड स्तर पर भी एक-एक नोडल अधिकारी लगाए जाएंगे। ये नोडल अधिकारी गांवों में पहुंचने वाली एलईडी वैन का स्वागत करने तथा संबंधित गांवों व वार्ड में कार्यक्रम की देखरेख करेंगे। यह वैन प्रत्येक गांव में कम से कम 3 घंटा रहेगी।
वैन के माध्यम से सुनाया जाएगा पीएम-सीएम का संदेश
उपायुक्त ने बताया कि गांव और वार्ड स्तर पर ऐसे सांझा स्थान का चयन किया जाएगा, जहां गांव व वार्ड के लोगों को बुलाकर वैन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जा सके। इसके अलावा देश के प्रधानमंत्री तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश को भी दिखाया जाएगा। हर दो खंड पर एक वैन चलेंगी। वहीं नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सामग्री भी दी जाएगी।
हरियाणा कौशल रोजगार निगम में लगे युवा करेंगे विचार सांझा
डीसी मोनिका गुप्ता आईएएस ने बताया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत मेरिट आधार पर बहुत से युवाओं की नौकरी लगी है। इन युवाओं को भी इस कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा ताकि यह भी अपने विचार सांझा कर सकें। हरियाणा कौशल रोजगार निगम में नौकरी के लिए हरियाणा सरकार ने कई मापदंड निर्धारित किए हैं। इसमें जिस परिवार में कोई भी नौकरी नहीं है उन्हें अतिरिक्त अंक देने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत नौकरी पाने वाले युवा अपनी बात इन कार्यक्रमों में रखेंगे।
जिला विधिक प्राधिकरण के पैनल एडवोकेट देंगे कानूनी सलाह
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पैनल पर लगाए गए एडवोकेट ग्रामीणों को कानून के बारे में जानकारी देंगे। गरीब लोग किस प्रकार मुफ्त में वकील की सहायता ले सकते हैं। इस बारे में इन कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा वे नागरिकों को पंपलेट भी वितरित करेंगे।

